- Hindi News
- लोगों से मांगकर गुजर कर रही वृद्धा के घर भेज दिया सवा लाख का बिल
लोगों से मांगकर गुजर कर रही वृद्धा के घर भेज दिया सवा लाख का बिल
हेमेन्द्र नरवरिया. डबरा
बमुश्किल अपने लिए दो वक्त की रोटी की जुगाड़ करना जिसके लिए मुश्किल हो रहा हो और जो वृद्धा मंदिरों पर लोगों से मांग-मांगकर अपना पेट पाल रही है। उस महिला के घर विद्युत वितरण कंपनी ने लगभग सवा लाख रुपए का बिल भेज दिया है।बिल को देखकर वृद्धा की नींद उड़ गई है और वह यही सोच रही है कि वह इतना बिल कैसे चुकाएगी। यही नहीं एक अन्य मामले में तो लोक अदालत में समझौता होने के बाद भी उपभोक्ता को पुराना बिल जोड़कर भेजा गया है।
शहर के जंगीपुरा क्षेत्र में हनुमानगंज डाणा पर रहने वाली वृद्धा तुलसाबाई पत्नी सेवालाल कोरी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मंदिरों पर मांग-मांगकर अपना पेट भर रही है। लेकिन विद्युत वितरण कंपनी द्वारा वृद्धा के यहां 1 लाख 23 हजार 973 का बिल भेजा गया है। अकेले अक्टूबर माह के बिल में ही 200 यूनिट आकलित खपत के हिसाब से 1200 रुपए का बिल भेजा है। जबकि वृद्धा अकेली रहती है। उसके परिवार में कोई भी नहीं है। यही नहीं जंगीपुरा क्षेत्र में ही रहने वाले सुनील शर्मा ने सितंबर माह में आयोजित लोक अदालत में अपने बिल का पूरा भुगतान कर दिया था। इसके बाद सब कुछ सही चलता रहा, लेकिन लेकिन दिसंबर माह में 27 हजार 3 सौ 69 रुपए का बिल भेजा गया। अकेले यह दो लोग ही विद्युत कंपनी की लापरवाही के शिकार नहीं हुए हैं ऐसे कई लोग हैं जिन्हें कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं।