छात्र-छात्राओं ने की फाइनल रिहर्सल
डबरा. गणतंत्र दिवस को लेकर नगर के सभी शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। रविवार को धूमधाम से स्टेडियम ग्राउंड में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस से एक दिन पूर्व शनिवार को नगर के कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने रिहर्सल भी की। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन नगर के स्टेडियम ग्राउंड में सुबह नौ बजे से किया जाएगा। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष कमलेश गुर्जर होंगी। भितरवार में मुख्य कार्यक्रम दीनदयाल स्टेडियम में सुबह 9 बजे से होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सरदार परगट सिंह होंगे। वहीं पिछोर नगर पंचायत में अध्यक्ष बालाराम बाथम द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।