समर्थन मूल्य पर धान खरीदी बंद
डबरा. शासन के निर्देशानुसार सहकारी समिति के कांटों पर समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शनिवार से बंद कर दी गई। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतिम दिन काफी संख्या में लोग अपनी धान को लेकर सहकारी समिति के कांटों पर पहुंचे। हालांकि जो किसान अंतिम दिन तक कांटे पर पहुंच गए थे, सिर्फ उन्हीं किसानों के नामों को सूची में दर्ज किया गया।
शासन के निर्देश पर समर्थन मूल्य पर विगत एक नवंबर से धान की खरीदी शुरू की गई थी। तीन माह तक हुई धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी शनिवार को बंद हो गई। डबरा ब्लॉक में आखिरी दिन तक करीब 2.50 लाख क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं भितरवार में करीब 4.70 लाख क्विंटल खरीद हो चुकी है। हालांकि भितरवार क्षेत्र में धान खरीदी का आंकड़ा और ऊपर पहुंच सकता है। क्योंकि गढ़ाजर, भेंगना, घरसौंदी, मेहगांव, मस्तूरा आदि केंद्रों पर दो सैकड़ा से अधिक धान की ट्रॉलियों की तौल होना शेष है। शनिवार को मार्फेड के जिला विपणन अधिकारी अर्पित तिवारी ने भी मेहगांव, गढ़ाजर और मस्तूरा खरीद केंद्र का निरीक्षण किया। संदीप पांडे, कनिष्ठ खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि समर्थन मूल्य की खरीदी शनिवार से बंद करवा दी गई है। अब केवल उन्हीं ट्रालियों की धान की खरीदी की जाएगी जो शनिवार को केंद्र के अंदर आ चुकी थी।