गर्मी बढ़ते ही सरसों में लगने लगी माहू
भास्कर संवाददाता - डबरा
अंचल में पड़ रही सर्दी के बाद एकदम मौसम में आई गरमाहट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम में आई गरमाहट के चलते डबरा-भितरवार अंचल के खेतों में खड़ी सरसों की फसल पर माहू का प्रकोप भी बढऩे लगा है। हालांकि अंचल में अभी माहू की शुरुआत ही हुई है, लेकिन यदि मौसम में गर्माहट बढ़ती है तो माहू का प्रकोप भी बढऩे की संभावना है। जिससे सरसों की फसल का उत्पादन भी प्रभावित होगा।
अंचल में विगत दिनों हुई बारिश के बाद सरसों में लग रही माहू लगभग समाप्त हो गई थी, लेकिन कुछ दिनों से निकल रही तेज धूप के कारण मौसम के गर्म होने के साथ अब सरसों की फसल में माहू का प्रकोप भी बढऩे लगा है। डबरा-भितरवार अंचल में सरसों में माहू लग भी चुकी है। जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। यही नहीं शहर में भी खेतों से उड़कर माहू आ चुकी है। कृषि विभाग के अधिकारियों की माने तो यदि इसी तरह से धूप निकलती रही और तापमान बढ़ा तो सरसों की फसल में माहू भयंकर मात्रा में आ सकती है।