स्वसहायता समूह को थमाया नोटिस
भास्कर संवाददाता - भितरवार
ग्राम पंचायत जौरा के प्राइमरी स्कूल में गणतंत्र दिवस गुणवत्ताहीन व मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने पर स्कूल के बच्चों द्वारा किए गए हंगामा के मामले में मंगलवार को बीआरसीसी ने स्कूल पहुंचकर जांच की। जांच में ग्रामीणों ने बताया कि समूह द्वारा खीर की जगह हलुआ बनाया गया था, साथ ही खाने की गुणवत्ता भी ठीक नहीं थी। इसके साथ ही दूसरे दिन तो किसी भी प्रकार का खाना नहीं दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत के चलते समूह को नोटिस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत जौरा में स्थित प्राइमरी स्कूल में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के बाद किए गए मध्यान्ह भोजन के वितरण के दौरान छात्रों ने हंगामा कर दिया था। मध्यान्ह भोजन में बजरंग बली स्वसहायता समूह द्वारा पूड़ी, सब्जी और हलुआ बनाया गया था। जबकि खीर बनाई जानी थी। दैनिक भास्कर ने 27 जनवरी के अंक में घटिया मध्यान्ह भोजन मिलने पर बच्चों ने मचाया हंगामा शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर बीआरसीसी अनवर खान ने मंगलवार को स्कूल में पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि समूह द्वारा खीर की जगह हलुआ बनाया गया था। साथ ही गणतंत्र दिवस के दूसरे दिन ग्रामीणों द्वारा हंगामा करने की वजह से मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं किए जाने का मामला सामने आया।