- Hindi News
- मोहल्लों गलियों में दौड़ रही हैं रेत की ट्रालियां
मोहल्लों-गलियों में दौड़ रही हैं रेत की ट्रालियां
भास्कर संवाददाता - डबरा
अंचल में अवैध रूप से रेत का परिवहन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा रेत का परिवहन करने वालों को खिलाफ लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। लेकिन अब रेत कारोबारियों द्वारा कार्रवाई से बचने के लिए मुख्य मार्ग की बजाय मोहल्लों और गलियों से होकर रेत से भरी ट्रॉलियां निकाली जा रही है। जिससे क्षेत्रीय लोगों को दुर्घटना होने का भय भी लगा रहता है।
ज्ञात हो कि रेत का अवैध रूप से परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जा चुका है। लेकिन बावजूद इसके अवैध रूप से रेत का परिवहन नहीं रुक पा रहा है। रेत कारोबारियों द्वारा अब मुख्य मार्ग से होकर निकालने की बजाय मुख्य बाजार, गलियों और मौहल्लों से होकर निकाले जा रहे हैं। शहर की ठाकुर बाबा रोड, कलेश्वर कॉलोनी, पुराना गाड़ी अड्डा रोड सहित अन्य मौहल्लों से होकर प्रतिदिन सैकड़ों रेत से भरी हुई ट्रॉलियां देखी जा सकती है। गलियों से होकर रेत की ट्रॉली ले जाने का फायदा यह होता कि आमतौर पर अधिकारियों का निकलना मुख्य मार्गों से होकर होता है, ऐसे में अधिकारियों की नजर पडऩे पर ट्रॉली जब्ती की कार्रवाई की आशंका भी रहती है। यही कारण है कि रेत कारोबारी गलियों और मोहल्लों से होकर ट्रॉली निकल रहे हैं।