पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सिलेंडर के लिए 20 दिन का इंतजार

सिलेंडर के लिए 20 दिन का इंतजार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - डबरा
घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए नगरवासी परेशान हो रहे हैं। लोगों को सिलेंडर लेने के लिए 15 से 20 तक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक करने के 15 से 20 दिन बाद सिलेंडर सप्लाई कर रही हैं। लोग एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं जबकि एजेंसी संचालक बहाने बना रहे हैं।
नगर में सबसे अधिक करीब 12 हजार उपभोक्ता गोयल इंडेन गैस एजेंसी के हैं। लेकिन इन उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए 15 से 20 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति करीब दो महीने से है। परेशान उपभोक्ता एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन एजेंसी कर्मचारी अलग-अलग बहाने बनाकर जल्द सिलेंडर भेजने की कह देते हैं। कई बार एजेंसी के कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच विवाद भी हो जाता है। एजेंसी पर करीब 2500 की वेटिंग चल रही है। एजेंसी मैनेजर का कहना है कि पुरानी वेटिंग को क्लियर करने में समय लग रहा है। पूरी वेटिंग क्लियर होते ही समय पर डिलीवरी होने लगेगी।
शादी-विवाह में भी होता है उपयोग: शादियों का सीजन भी चल रहा है। कई लोग शादियों में घरेलू गैस सिलेंडर ही उपयोग करते हैं। ऐसा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक होता है। ऐसे में लोग घरेलू गैस सिलेंडर की अधिक बुकिंग कराते हैं। साथ ही, हॉकर या एजेंसी से अधिक रुपए देकर भी सिलेंडर लेते हैं। इस कारण भी वेटिंग बढ़ रही है।
कम हैं व्यावसायिक उपभोक्ता: नगर में विभिन्न होटल और नाश्ता आदि के हाथ ठेलों पर भी घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग अधिक हो रहा है। गोयल इंडेन गैस एजेंसी पर व्यवसायिक गैस सिलेंडर के मात्र 35 उपभोक्ता ही हैं।



सभी जगह वेटिंग से परेशान लोग

घरेलू गैस सिलेंडर के लिए वेटिंग की परेशानी सिर्फ डबरा में ही नहीं है। पिछोर, बिलौआ और भितरवार में भी लोग सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं।

इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए खड़े लोग।