दौरे से पहले सुधार की कवायद
भास्कर संवाददाता - मनासा
जिले के सरकारी अस्पतालों में सरकारी योजनाओं की स्थिति जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग के मुख्य सचिव प्रवीर कृष्ण टीम के साथ जिले का दौरा करेंगे। अभी उनके दौरे की तारीख तय नहीं हुई है। हालांकि अस्पतालों में सुधार की कवायद अभी से शुरू हो गई है।
प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की स्थिति जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारी प्रदेश के अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं। इनमें प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण, मिशन संचालक, विभिन्न कार्यक्रमों के संचालक, सलाहकार की टीम शामिल रहेगी। टीम सरकारी अस्पतालों और आरोग्य केंद्रों पर शासन की समूचित सुविधाओं, योजनाओं और सेवाओं की स्थिति देखेगी।
जानकारी अनुसार अधिकारियों के दौरे से पहले अस्पतालों में सफाई और सुविधाओं का इंतजाम होने लगा है। गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो रही हैं। जिला अस्पताल, मनासा, रामपुरा, जावद, कुकड़ेश्वर, रतनगढ़, सिंगोली, जीरन, डीकेन सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। मनासा के सामूदायिक केंद्र पर सफाई व्यवस्थाओं में सुधारा किया जा रहा है।
तैयारियां की
जा रही हैं
॥नीमच जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं को देखने के लिए प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अपनी टीम के साथ आने वाले हैं। वे जिले के सरकारी अस्पतालों का दौरा करेंगे। दौरे को लेकर तैयारियां चल रही हैं लेकिन अभी तक सूचना नहीं मिली।
बीएल भायल, बीएमओ, मनासा
पिछले साल भी हवा
हुए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों ने पिछले साल भी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए थे लेकिन आज तक पालन नहीं हो पाया। सरकारी अस्पताल में डिटिजल एक्स-रे मशीन और सोनोग्राफी मशीन की खरीदी के निर्देश दिए थे। डॉक्टरों और कर्मचारियों के पदों को शीघ्र भरने की बात भी कही थी। लेकिन आज भी स्थिति जस की तस है।
अस्पताल परिसर साफ नजर आने लगा है। फोटो भास्कर
मनासा में अस्पताल की सफाई करते सफाई कर्मचारी।