एएनएम न कर्मचारी, लोग परेशान
भास्कर संवाददाता - मनासा/आंत्री
लोगों के इलाज के लिए खोले गए उप स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारियों की लापरवाही का शिकार हो गए। केंद्र पर न एएनएम रहती है और न स्वास्थ्य कार्यकर्ता। केंद्र पर ताले लगे रहते हैं और ग्रामीण इलाज के लिए भटकते हैं।
क्षेत्र में 36 उप स्वास्थ्य केंद्र खोले गए लेकिन इसमें से 4 बंद हो गए। 32 पर भी ग्रामीणों की इलाज की समुचित सुविधाएं नहीं मिल रही। कहीं एएनएम नहीं आती तो कहीं स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं रहते। राजपुरा, तलाऊ, भदवा और बड़कुआं का उप स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से बंद है। लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ रही है।या फिर मनासा-रामपुरा आना पड़ता है।आंत्री का केंद्र भी अक्सर बंद रहता है। दो दिन से केंद्र पर ताला लगा है। मंगलवार को केंद्र पर बच्चों को टीके लगवाने के लिए महिलाएं गई तो ताला लगा मिला। गणपतसिंह, रामगोपाल प्रजापत और भीमसिंह ने बताया केंद्र पर पदस्थ दोनों एएनएम नहीं आई। न उनसे संपर्क हो रहा और न दूसरा कोई कर्मचारी आया। बच्चों को टीके नहीं लग रहे और न दवाई पिलाई जा रही है। अक्सर केंद्र बंद रहता है और शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। अल्हेड़ का उप स्वास्थ्य केंद्र कभी-कभी खुलता है।
क्षेत्र में न बच्चों का टीकाकरण हो पा रहा है और न गर्भवती महिलाओं को समय पर सुविधाएं मिल रही हैं। रामपुरा और कुकड़ेश्वर क्ष्ेात्र के उप स्वास्थ्य केंद्रों की हालत भी खराब है। दूरस्थ अंचल के केंद्रों पर लोगों को इलाज की सुविधा नहीं मिल रही। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में केंद्र खुले हैं और एएनएम कार्य कर रही हैं।
एएनएम को केंद्र पर ही रहना है
स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम का रहना अनिवार्य है। महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण के साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है। कागजों में तो एएनएम केंद्र पर है लेकिन हकीकत अधिकांश एएनएम बाहर रहती हैं। वे गांवों में डेली अपडाउन करती हैं। आंत्री के सुनील राठौर कहते हैं हमारे यहां अक्सर केंद्र बंद रहता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
जानकारी लेकर करता हूं कार्रवाई
॥मनासा क्ष्ेात्र में उप स्वास्थ्य केंद्र बंद हैं तो मामले की जानकारी लेता हूं। एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मौके पर रहना चाहिए। तफ्तीश कर उचित कार्रवाई करेंगे।
केके वास्कले, सीएमएचओ, नीमच
आंत्री के उप स्वास्थ्य केंद्र पर लगा ताला।
अल्हेड़ का उपस्वास्थ्य केंद्र कई दिनों से बंद है।