मूलभूत सुविधाओं की दरकार
भास्कर संवाददाता - मनासा
अल्हेड़ में गांव से लगी नई आबादी बस्ती के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। बिजली, पानी और सड़क के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। कायेलीबाई और झमकूबाई ने बताया दस साल पहले बस्ती बनी थी। गरीबों को बसाया था लेकिन सुविधाएं आज तक नहीं मिल पाई। पानी के लिए खेतों में जाना पड़ता है। बिजली कई दिनों से बंद है। गांव से एक तरफ बस्ती होने से आज तक सुविधाएं नहीं मिलीं।10 साल पहले बने मकानों में दरारें आने लगी हैं और छत रिसने लगी है। गांव तक आवाजाही के लिए रास्ता भी ठीक नहीं है और शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्राम पंचायत सचिव नरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया बस्ती में सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही एक कुआं खुदवाया जाएगा। अन्य समस्याएं भी जल्द हल की जाएंगी।
परेशानी बताती बुजुर्ग महिलाएं।