किसानों ने बिछा दी अवैध बिजली लाइन
लापरवाही: चार लाइनमैन और आठ किसानों पर कार्रवाई
भास्कर संवाददाता. गरोठ
पावटी क्षेत्र में कंपनी की जानकारी के बगैर कुछ किसानों ने सिंचाई के लिए अवैध लाइन डाल ली। कंपनी ने आठ किसानों के साथ चार लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई की। आठ किसानों ने सिंचाई के लिए अवैध लाइन बिछाकर कनेक्शन जोड़ लिए। निरीक्षण में मामला सामने आने पर कंपनी के एई अभिषेक मिश्रा ने पंचनामा बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। मामले में लाइनमैनों की भूमिका संदिग्ध है। कंपनी ने चार लाइनमैनों को अन्यत्र भेजा है। वहीं काश्तकारों के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है। हालांकि पुलिस ने अब तक प्रकरण दर्ज नहीं किया है।
इन लाइनमैनों का तबादला- कंपनी ने पावटी एवं आस-पास पदस्थ लाइनमैन शेख सलीम, प्रभुलाल जांगड़े, नक्कीलाल रजक एवं दीपक देवराजन को हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया। डीई जयपालसिंह ठाकुर के अनुसार लाइनमैनों की जांच चल रही है। जांच पूरी होने पर यदि दोषी पाए जाएंगे तो कार्रवाई होगी।