लेनदेन में शिक्षक को तलवार मारी
सिटी रिपोर्टर - मंदसौर
रुपयों के लेनदेन में शनिवार रात दो लोगों ने एक शिक्षक पर तलवार से हमला कर दिया। उसके दोनों हाथ घायल हो गए। वायडीनगर पुलिस ने बताया बालक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक नरसिंहदास पिता नानूदास वैष्णव का शामगढ़ निवासी दिनेश पिता गोवर्धनदास बैरागी ((60)) से कुछ रुपयों का लेनदेन था। शनिवार रात 9.30 बजे दिनेश एक साथी के साथ शिक्षक वैष्णव के घर पहुंचा। यहां रुपयों को लेकर विवाद हुआ। दिनेश व साथी ने शिक्षक को तलवार मार दी। वार से शिक्षक के दोनों हाथ से घायल हो गए। दोनों ने शिक्षक की जेब में रखे रुपए निकाल लिए और भाग गए। शिक्षक को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर कर दिया। जांच अधिकारी एसआई वरसिंह कटारा ने बताया फरियादी ने विवाद का कारण रुपयों का लेनदेन बताया लेकिन इंदौर रैफर होने के कारण फरियादी के बयान नहीं हो सके। पुलिस ने प्राणघातक हमला करने व लूट का प्रकरण दर्ज किया है।
1 महिला सहित 6 घायल
नारायणगढ़ - रंजिश को लेकर ढाबला में रविवार सुबह दो पक्षों में संघर्ष हो गया। विवाद में एक महिला सहित 6 लोग घायल हो गए।
नारायणगढ़ पुलिस ने बताया विवाद के चलते सुनील पिता बगदीराम का गांव के मुकेश पिता निर्भयराम से किसी बात को लेकर विवाद था। इसके चलते रविवार सुबह 8.30 बजे दोनों पक्ष आमने सामने हो गए।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लट्ठ से हमला कर दिया। विवाद में सुनील पिता बगदीराम प्रजापत, मुकेश व राकेश पिता कन्हैयालाल व दूसरे पक्ष से माधोलाल व पत्नी मांगीबाई व छगनलाल घायल हो गए। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर मुकेश पिता निर्भयराम, निर्भयराम पिता माधोलाल, छगनलाल पिता माधोलाल, माधोलाल पिता रूपाजी बलाई के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। मुकेश की शिकायत पर सुनील, मुकेश, राकेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।