रुपए लेकर दिखाया आत्महत्या का रास्ता
सिटी रिपोर्टर - मंदसौर
नेतावली में फांसी लगाने से हुई युवक की मौत के मामले में अफजलपुर पुलिस ने एक महिला व एक पुरुष पर प्रकरण दर्ज किया। महिला को कोर्ट ने जेल भेज दिया। खुलासा युवक के सुसाइड नोट से हुआ।
पुलिस ने बताया 23 जनवरी रात 2 बजे नेतावली निवासी जितेंद्र पिता बाबूलाल खटीक ((20)) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पेंट की जेब से मिले सुसाइड नोट में गांव के रामलाल पिता देवीचंद्र गुर्जर व जीना पति पवनदास बैरागी ((28)) द्वारा रुपए नहीं लौटाने की बात लिखी थी।
टीआई जितेंद्रसिंह सिसौदिया ने बताया सुसाइड नोट में दोनों के द्वारा रुपए नहीं लौटाने की बात लिखी थी। हालांकि दोनों ने मृतक से रुपए कब और कितने लिए इसका जिक्र नहीं था। रामलाल व जीना के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जीना को गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजने के निर्देश मिले। रामलाल की तलाश जारी है।
अपहरण का प्रकरण दर्ज
गरोठ - तीन महीने पहले हुए एक युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पंचायत सचिव के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद से सचिव गायब है। हेड कांस्टेबल लक्ष्मण डोडियार ((26)) के अनुसार पंचायत देथलीबुजुर्ग के सचिव लालचंद पिता नाथूलाल ने 22 अक्टूबर 2013 को गरोठ की एक 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया था। सचिव गरोठ में दुर्गामाता कॉलोनी में युवती के घर के सामने रहता था।