15 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए
सिटी रिपोर्टर - मंदसौर
घरेलू गैस सिलेडर पर सख्ती के बाद भी कालाबाजारी हावी है। खुलासा बुधवार सुबह कलेक्टोरेट में हुआ। तीन दुकानों से 14 सिलेंडर जब्त किए। इनमें एक दुकान से आठ सिलेंडर तक जब्त किए। बावजूद अधिकारियों ने जानने की जहमत नहीं उठाई कि संबंधित सिलेंडर कहां से कैसे लाए। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने के मामले में खाद्य विभाग ने तीन संस्थानों में छापामार कार्रवाई की। इसमें 14 सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई तीन दिन पहले एसडीएम जमना भिड़े को मिले शिकायत-पत्र को आधार बनाकर की। सुबह 11 बजे टीम रजत फोटो कॉपी की दुकान पहुंची। वहां आठ सिलेंडर रखे मिले जिन्हें जब्त किया। इसके बाद दुकान के सामने पालीवाल होटल व साख सहकारी नामक कैंटीन पर कार्रवाई कर तीन-तीन सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई खाद्य अधिकारी आर.एन. दिवाकर, हेमलता परिहार ने की।
नहीं पूछा कहां से आए
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संचालकों से जानने का प्रयास नहीं किया इतनी मात्रा में घरेलू सिलेंडर कैसे और कहां से मिले। सख्ती से पूछताछ हो तो शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाला एक गिरोह सामने आ सकता है।
यह होगी कार्रवाई
तीनों व्यापारियों के कलेक्टर कोर्ट एवं न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे। अपराध सिद्ध होने पर कलेक्टर कोर्ट में जब्त संपत्ति राजसात एवं न्यायालय में सजा का प्रावधान है।