पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रस्ताव में मैसी फर्गुसन, प्रोसेडिंग में सब्जी मंडी चौराहा

प्रस्ताव में मैसी फर्गुसन, प्रोसेडिंग में सब्जी मंडी चौराहा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर - नीमच
पूर्व विधायक खुमानसिंह शिवाजी के नाम पर बनने वाला सर्कल बनने से पहले विवादों में घिर गया। प्रस्ताव में सर्कल मैसी फर्गुसन चौराहे पर बनना था लेकिन प्रोसेडिंग में सब्जी मंडी चौराहे पर आ गया। फेरबदल से नाराज पार्षदों ने प्रोसेडिंग का पंचनामा बनाकर कलेक्टर से शिकायत की।
भाजपा की राजनीति का अहम हिस्सा रहे पूर्व विधायक खुमानसिंह शिवाजी की आदमकद प्रतिमा लगाने और सर्कल बनाने का मुद्दा कई बैठकों में गूंज रहा है। पिछली दो बैठकों में इस पर सहमति नहीं बन पाई। 2 जनवरी को नपा परिषद सम्मेलन में पार्षदों ने बहुमत से मैसी फर्गुसन चौराहे पर शिवाजी सर्कल बनाने का प्रस्ताव पास किया लेकिन जब प्रोसेडिंग लिखी गई तो स्थान मैसी फर्गुसन चौराहे से सब्जी मंडी चौराहे पहुंच गया। जानकारी मिलते ही बुधवार को नेता प्रतिपक्ष विजय बाफना, ‘आप’ के पार्षद अमित शर्मा नपा दफ्तर पहुंचे। ओएस रामसिंह ने प्रोसेडिंग की प्रति जब्त की। बाद में पंचनामा बनाकर सीएमओ के हस्ताक्षर कराए। इसके बाद सीएमओ सीपी राय और कलेक्टर विकास सिंह नरवाल को भी प्रति दी। नेता प्रतिपक्ष का कहना है यह पहली बार नहीं हुआ बल्कि इससे पहले भी कई बार फर्जी तरीके से प्रोसेडिंग लिखी गई। हम प्रस्ताव क्या पास करते हैं और प्रोसेडिंग में कुछ और लिखा जाता है। इस बार तो शहर के हृदय सम्राट रहे शिवाजी के साथ मजाक हुआ। इसे भाजपा पार्षद बर्दाश्त नहीं करेंगे। आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक व निर्दलीय पार्षद शर्मा ने इसके लिए नपाध्यक्ष नीता दुआ को जिम्मेदार ठहराया और कार्रवाई की मांग की।



नपा ने शुरू किया ‘शेर शिवाजी’ चौराहे पर काम

28 फरवरी से नपा को शेर शिवाजी चौराहा बनाना है। नपा शिवाजी को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित करना चाहती। इस लिहाज से शेर शिवाजी चौराहे पर काम शुरू कर दिया। इसके लिए नपाध्यक्ष नीता दुआ ने कार्यपालन यंत्री एएन वर्मा नोडल अधिकारी बनाकर कार्य सौंपा है।

जबरन राजनीति, पार्षदों की मांग पर बदला स्थान

॥भाजपा के कुछ पार्षद राजनीति कर रहे हैं। शिवाजी पद पर रहते हुए दिवंगत हुए। हम उन्हें शेर शिवाजी सर्कल के रूप में चौराहा समर्पित कर श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। अनुसूचित जाति सहित अन्य पार्षदों की मांग पर चौराहे का स्थान सब्जी मंडी किया है। नीता दुआ, अध्यक्ष, नगरपालिका

झूठ बोल रही हैं नपाध्यक्ष, यह शिवाजी का अपमान

॥नपाध्यक्ष झूठ बोल रही हैं। शिवाजी सर्कल मैसी फर्गुसन चौराहे पर बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था। प्रोसेडिंग फर्जी लिखी। हम सख्त कार्रवाई चाहते हैं। विजय बाफना, नेता प्रतिपक्ष

दलित संगठनों ने भी जताई आपत्ति

मैसी फर्गुसन चौराहे को शिवाजी सर्कल बनाने का दलित संगठनों ने भी विरोध किया। दलित नेता प्रभुलाल चंदेल, गजेंद्र यादव ने आपत्ति लगा रखी है। उनका कहना है जब आंबेडकर के नाम से चौराहा पहले से है तो अब शिवाजी सर्कल बनाने की क्या जरूरत है।



प्रोसेडिंग का पंचनामा बनाकर सीएमओ से हस्ताक्षर कराते पार्षद।