धरने को नीमच-मंदसौर का समर्थन
सब रजिस्ट्रार को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को अभिभाषक संघ ने क्रमिक धरना प्रदर्शन किया। धरने को नीमच-मंदसौर का भी समर्थन मिला।
भास्कर संवाददाता - मनासा
सब रजिस्ट्रार ब्रजेंद्र शुक्ला और एडवोकेट के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को एसडीएम नेहा भारतीय के नाम तहसीलदार अनिल दुबे को ज्ञापन दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार सुबह अभिभाषक संघ ने तहसील परिसर में धरना शुरू किया। 11.30 बजे संघ पदाधिकारी और सदस्य तहसील परिसर में एकत्र हुए। अध्यक्ष सुनील यजुर्वेदी, अनूप बम्ब, दीपक गेहलोद, रमेश मूंदड़ा, गोपाल मूंदड़ा, सुभाष तुगनावत, प्रेमसुख पाटीदार, सुभाष मालवीय, घनश्याम विजयवर्गीय, दिनेश राठौर सहित कई एडवोकेट धरने पर बैठे। वकीलों ने न्यायालयीन कार्यो में भाग नहीं लिया और सब रजिस्ट्रार को हटाने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने कहा पुलिस ने झूठे मुकदमे दर्ज किए हैं। आंदोलन तब ही खत्म करेंगे जब सब रजिस्ट्रार को हटाया जाएगा। मनासा के अभिभाषक संघ के समर्थन में नीमच, मंदसौर जिले के वकीलों ने भी बुधवार को न्यायालयीन कार्यों में भाग नहीं लिया। तहसीलदार अनिल दुबे ने बताया मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है। वहीं से कार्रवाई होगी। चर्चा है कि सब रजिस्ट्रार का तबादला नीमच कर दिया गया है।हालांकि अधिकारिक तौर पर कोई बोलने को तैयार नहीं है।
सब रजिस्ट्रार के हटने के बाद खत्म होगा धरना
॥प्रशासन से सब रजिस्ट्रार को हटाने की मांग की थी। जब तक सब रजिस्ट्रार को हटाया नहीं जाता तब तक आंदोलन चलेगा।
सुनील यजुर्वेदी, अध्यक्ष अभिभाषक संघ, मनासा
तहसील परिसर में धरना देते अभिभाषक संघ सदस्य।