कृषि मंडी में कल से बंद हो सकती नीलामी
सिटी रिपोर्टर - नीमच
खाद्य सुरक्षा कानून को लेकर प्रदेशभर के व्यापारी मंडी में उपज खरीदी का विरोध कर रहे हैं। बुधवार को नीमच मंडी व्यापारी संघ ने बैठक की। इसके बाद मंडी प्रशासन को ज्ञापन दिया। मानकों के निर्धारण की व्यवस्था नहीं होने पर शुक्रवार से मंडी में खरीदी बंद करने की चेतावनी दी।
व्यापारी महासंघ इंदौर के निर्देश पर मंडी व्यापारी संघ नीमच ने बुधवार को बैठक की। व्यापारियों के मुताबिक कृषि उपज का व्यापार करने वाले व्यापारियों पर इसे लागू करने में व्यवहारिक कठिनाइयां हैं। व्यापारी किसानों से उपज खरीद कर उसकी सफाई कर बेचते हैं। अन्य प्रदेशों की तरह मप्र में भी व्यापारियों को छूट मिले। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन को ज्ञापन देकर शुक्रवार से खाद्य सुरक्षा कानून के मानक के निर्धारण की व्यवस्था करने की मांग की। व्यवस्था नहीं होने पर व्यापारी खरीदी बंद करेंगे। व्यापारी संघ के राजेश मंत्री, नरेंद्र कोठारी, कमल बिंदल, गोपाल गर्ग, व्यापारी प्रतिनिधि नवल मित्तल सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।