धर्ममय हुआ नगर, गूंजे जयकारे
भास्कर संवाददाता - मनासा
धार्मिक आयोजनों से गुरुवार को नगर का माहौल भक्तिमय हो गया।धर्म यात्राओं में भगवान के जयकारे गूंजे। सुबह 11 बजे द्वारिकापुरी धर्मशाला से स्वामी रामानंदाचार्य महाराज की शोभायात्रा निकली। दोपहर 2 बजे नारसिंगीमाता मंदिर से स्वामी दिव्यानंद तीर्थ महाराज की शोभायात्रा निकली। जिन मार्गों से शोभायात्रा निकली, वहां माहौल धर्ममय हो गया। युवाओं ने गरबा, महिलाओं ने कलश धारण किए।
सुबह करीब 11 बजे द्वारिकापुरी धर्मशाला से स्वमी रामानंदाचार्य की शोभायात्रा शुरू हुई। बालिकाओं और महिलाओं ने सिर पर कलश उठाए। आयोजन अखिल भारतीय वैष्णव विकास परिषद एवं ट्रस्ट मुंबई परिषद के बैनर तले हुआ। बैंड-बाजों के साथ धर्मध्वजा लिए घुड़सवार चल रहे थे। पीछे महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। युवाओं की टोली आकर्षक गरबा कर रही थीं। शोभायात्रा द्वारिकापुरी धर्मशाला से विजय स्तंभ, चौपड़ घट्टा, सदर बाजार, सोमनाथ महादेव मंदिर, उषागंज और जूना साद होकर धर्मशाला पहुंची। यहां रामानंदाचार्य जयंती महोत्सव मनाया गया। समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया। जिलाध्यक्ष भरत बैरागी, पुजारी संघ जिलाध्यक्ष दीनबंधु बैरागी, महामंत्री दिनेश दास, तहसील अध्यक्ष दिनेश बैरागी और सचिव घीसा दास बैरागी सहित कई लोग मौजूद थे।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु।
शोभायात्रा में शामिल स्वामी दिव्यानंद तीर्थ महाराज।
कलशयात्रा में शामिल महिलाएं। फोटो भास्कर