जनता के दरबार में महज आश्वासन
प्रभारी मंत्री का दरबार शुक्रवार को अव्यवस्थाओं का दरबार साबित हुआ। स्थिति यह थी कि नेता- कार्यकर्ताओं के बीच घिरे प्रभारी मंत्री ने जैसे-तैसे लोगों की समस्याएं सुनी। निराकरण तो एक भी समस्या का नहीं हो पाया। लोगों को महज आश्वासन मिला।
सिटी रिपोर्टर - नीमच
दोपहर12.30 बजे फोरजीरो कॉर्नर पर प्रभारी मंत्री दीपक जोशी ने दरबार लगाया। जैसे ही वे सोफे पर बैठे कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। थोड़ी देर बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दूर कर जनता को आगे किया। भीड़ और समस्या ज्यादा थी और समय कम। प्रभारी मंत्री घंटेभर दरबार में रुके।
इस दौरान मंडी व्यापारी संघ पदाधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा कानून का मामला उठाया। प्रॉपटी ब्रोकरों ने गाइड लाइन का। हमेरिया बांध पीडि़तों ने मुआवजे की मांग की। प्लॉट के लिए भटक रहे लोगों ने स्कीम नंबर-34-36 और स्लम के प्लॉट का मामला उठाया। पेंशन तो किसी ने राशन कार्ड के लिए गुहार लगाई लेकिन इनमें से एक भी समस्या का निराकरण दरबार में नहीं हो पाया। प्रभारी मंत्री सिर्फ आश्वासन देते रहे। लोगों को निराशा ही हाथ लगी। उन्होंने स्वीकारा कि अव्यवस्थाओं के चलते समस्या हल नहीं हो पाई लेकिन जितने भी आवेदन आए, उन पर कार्रवाई की जाएगी। दरबार में तीनों विधायक, कैलाश चावला, दिलीप परिहार, ओमप्रकाश सखलेचा और जिलाध्यक्ष मंगल पटवा, कलेक्टर-एसपी और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।