आज खत्म जाएगी आधीसदी पुरानी परंपरा
नहीं होगी गणतंत्र दिवस फुटबॉल स्पर्धा
नंदकिशोर धाकड़. नीमच
फुटबॉल से शहरवासियों का गहरा नाता है। आजादी से लेकर हर साल गणतंत्र दिवस पर शहर में नगरपालिका फुटबॉल स्पर्धा कराती है लेकिन यह परंपरा इस बार खत्म हो जाएगी। इस बार नपा ने फुटबॉल स्पर्धा का आयोजन नहीं किया।
देशभर में क्रिकेट का जादू छाया है लेकिन नीमच में फुटबॉल का क्रेज है। शहर में 27 फुटबॉल क्लब हैं। इनसे करीब 600 से ज्यादा खिलाड़ी जुड़े हैं। नपा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए हर साल 26 जनवरी को फुटबॉल स्पर्धा का आयोजन करती है लेकिन इस बार प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इससे आयोजन नहीं हो पाया। हालांकि जिला फुटबॉल संघ ((डीएफए)) ने स्पर्धा की तैयारियां कर ली थी। मैच का शेड्यूल भी तय हो गया था। ग्राउंड भी तैयार कर दिया। 13 जनवरी से मुकाबला शुरू होना था और 26 को फाइनल होना था लेकिन परमिशन नहीं मिली।
पिछले साल हुआ था झगड़ा-पिछले साल फुटबॉल टूर्नामेंट में विवाद हो गया था। मैच के दौरान दो टीमों के समर्थक मैदान में भीड़ गए थे। पुलिसकर्मियों से विवाद किया था। इस बार सभी क्लब और नगरपालिका तैयार थी लेकिन पुलिस और प्रशासन तैयार नहीं हुआ।
ऐसे खिलाड़ी भी दिए
टूर्नामेंट की बदौलत नीमच से करीब 100 से ज्यादा खिलाड़ी ऐसे निकले, जिन्होंने देशभर में नाम रोशन किया। नीमच ने स्टेट व नेशनल लेवल के खिलाड़ी दिए। जिन्होंने संतोष ट्रॉफी में मप्र के प्रतिनिधित्व के साथ प्रदेश टीम में जौहर दिखाया। मप्र में जबलपुर के बाद नीमच दूसरे नंबर पर है। मप्र फुटबॉल टीम के कप्तान रहे नीमच के मोहम्मद रईस पांच बार संतोष ट्रॉफी के लिए मप्र से शामिल हुए। इसमें कमल अहीर, जावेद मनीहार, जितेंद्र सुराह, तरुण निर्वाण, पुनीत निर्वाण, नितिन शर्मा शामिल हैं।
विवाद बहुत होते हैं
॥ टूर्नामेंट में विवाद बहुत होते हैं। पिछली बार सुरक्षाकर्मियों को पीटा था। कोई जिम्मेदारी भी नहीं लेता। इसीलिए यह निर्णय लिया।॥
पंकज दीक्षित, सीएसपी।
व्यवस्था के लिए मना किया
॥ फुटबॉल स्पर्धा के दौरान होने वाले विवादों एवं शांति व्यवस्था के लिए इस बार परमिशन नहीं दी।॥
राजेंद्रसिंह, एसडीएम, नीमच
ऐसे आयोजन बंद नहीं होते
॥फुटबॉल प्रेमियों का कहना विवाद से आयोजन बंद नहीं होते। नीमच के खिलाड़ी देशभर में छाए। राष्ट्रीय लेवल के टूर्नामेंट हुए। ॥
डॉ. आसिफखान, सचिव, डीएफए, नीमच
हम तो तैयार थे
॥ हम तो तैयारी कर रहे थे। कुछ प्रतियोगिताओं के दौरान विवादों को देखते हुए प्रशासन ने परमिशन नहीं दी। ॥
नीता दुआ, अध्यक्ष, नपा, नीमच