हर जवान पर रहेगी कैमरे की निगाह
भास्कर संवाददाता - मनासा
थाने में फरियादी से लेकर आरोपी और अधिकारी, हर किसी पर कैमरे की पैनी नजर रहेगी। थाना परिसर की सारी गतिविधि कैमरे में कैद हो रही है।
नीमच जिले में सीसीटीवी कैमरे लगाने वाला मनासा पहला थाना बन गया। थाना परिसर में प्रवेश से लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने और बंदीगृह में आरोपी पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। थाने में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना आई लेकिन बजट नहीं आया तो जनसहयोग से ३५ हजार के सीसीटीवी कैमरे खरीदे। साढ़े चार हजार रुपए का एलसीडी लगाया। पहला कैमरा थाने के बाहर, दूसरा थाना कार्यालय और तीसरा कैमरा थाना परिसर के अंदर लगा है। बंदीगृह के ऊपर भी कैमरा लगाया। अब इन्हें ऑनलाइन किया जाएगा। थाना परिसर की दीवारों पर कई आदर्श वाक्य भी लिखे हैं। थाने की बाउंड्रीवॉल बनाने का कार्य चल रहा है।
जल्द ही ऑनलाइन होगा सिस्टम
॥नीमच जिले में मनासा थाने में सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। हर गतिविधि पर कैमरे की नजर होगी। जल्द थाने को ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ा जाएगा। जिले में बैठे अधिकारी मनासा थाने पर निगरानी कर सकेंगे।
आरएस भदौरिया, टीआई, थाना मनासा
थाने के मुख्य गेट के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा।
हर गतिविधि देखते टीआई।