मतदाता दिवस मनेगा आज
टाउन हॉल में आज बांटेंगे वोटर आईडी
जावरा - प्रशासन शनिवार सुबह ११ बजे नपा टाउन हॉल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाएगा। मतदाताओं को परिचय-पत्र दिए जाएंगे। अतिथि सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार बी.एन. सिंह, पेंशनर समाज अध्यक्ष देवीशरण शर्मा, शिक्षाविद ए.एन. पालीवाल, सेवानिवृत्त आर.आई. नागेश्वर नागर होंगे। ऑफिसर कानूनगो जी.एस. बंधवार ने बताया एसडीएम हरजिंदर सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहेगा।
आलोट - विस क्षेत्र के २२७ मतदान केंद्रों पर शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनेगा। संकल्प दिलाने के साथ वोटर आईडी दिए जाएंगे। नाम भी जोड़ेंगे। बीएलओ को शुक्रवार को तहसील कार्यालय से सामग्री वितरित की गई। एसडीएम अवधेश शर्मा, तहसीलदार विजयप्रकाश सक्सेना मौजूद थे।
पारिवारिक सभा आज
जावरा - लायंस क्लब की पारिवारिक सभा २५ जनवरी दोपहर १२ बजे पिपलौदा रोड स्थित लायंस नेत्र चिकित्सालय हॉल में होगी। क्लब अध्यक्ष हरिनारायण अरोड़ा, द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग, सचिव संतोष मेड़तवाल ने बताया समारोह में अतिथि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जतिन बी. शाह, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, पास्ट मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पीयूष गांधी, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सी.एल. वर्मा रहेंगे। समारोह में क्लब के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया जाएगा। इसके पहले अतिथि अस्पताल का अवलोकन करेंगे।
बॉस्केटबॉल स्पर्धा आज से
जावरा - सर्किट हाउस के सामने स्थित बास्केटबॉल मैदान में शनिवार से तीन दिनी महामालव बास्केटबॉल स्पर्धा होगी। जिला बास्केटबॉल संघ की स्पर्धा में २२ टीमों के ३०० खिलाड़ी शामिल होंगे। संघ सचिव विजय पामेचा ने उद्घाटन शनिवार शाम ४ बजे होगा। समापन व पुरस्कार वितरण २७ जनवरी शाम ४ बजे होगा। स्पर्धा में ६ से १८ वर्ष के बालक-बालिका भाग लेंगे। कोच अपारसिंह गंभीर, मनुदेवसिंह चंद्रावत, मुकेश कैथवास, प्रदीप ठाकुर, नवीन लखेड़ा होंगे।
जाति प्रमाण-पत्र बनवाने उमड़ी भीड़
ताल - तहसील कार्यालय में रोज जाति व मूल निवासी प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए भीड़ उमड़ रही है। नापाखेड़ा के बद्रीलाल का कहना है जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए दस्तावेज की पूर्ति में ही सवा सौ रुपए खर्च हो रहे हैं। कसारी के रामलाल ने बताया प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए खेतों का काम छोड़कर तहसील कार्यालय के चक्कर लगाना पड़ रहे हैं। नायब तहसीलदार के.एल. जैन ने बताया प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए यदि कोई अतिरिक्त राशि मांगे तो लोग प्रशासन को शिकायत करें। हम तत्काल कार्रवाई करेंगे।