- Hindi News
- युवाओं को नहीं रिझा पाई कांग्रेस : जयवर्धन
युवाओं को नहीं रिझा पाई कांग्रेस : जयवर्धन
कार्यालय संवाददाता - गुना
राष्ट्रीय या प्रदेश स्तर पर सबसे अधिक युवा नेता कांग्रेस में हैं। फिर भी प्रदेश में युवाओं का वोट भाजपा में चला गया। ऐसा नहीं है कि सभी युवाओं ने हमारा साथ नहीं दिया बल्कि जहां- जहां हम हारे हैं वहां यही देखने में आया है कि युवा और महिलाओं का वोट कम मिला है। यह बात राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कही। वे बुधवार को जिला पंचायत की बैठक लेने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। श्री सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। इस बात को हम गंभीरता से ले रहे हैं। युवावर्ग सबसे अधिक सोशल मीडिया पर इंटरएक्ट कर रहा है। स्मार्ट फोन ने हर एक के हाथ में इंटरनेट थमा दिया है। कांग्रेस इस बात को नजरअंदाज कर गई। हालांकि युवाओं के खिलाफ सबसे बड़ा व्यापमं घोटाला भाजपा की सरकार ने किया है। फिर भी वोट भाजपा को मिला। एनएसयूआई की जिस तरह की पब्लिसिटी होना चाहिए वो नहीं हो पाई है। प्रदेश के युवा विधायक श्री सिंह चाहते हैं कि कांग्रेस न सिर्फ देश में बल्कि प्रदेश में भी एक नई रणनीति बनाकर कार्य करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक ही हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती हैं। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम कांग्रेस को कैसे लेकर आएं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव भी युवा हैं और मैंने भी उनसे कहा है कि आपके सामने अब पूरे पांच साल हैं। हम सब मिलकर सहयोग की भावना के साथ करें और अभी से २०१८ के लिए प्लानिंग बनाएं। अभी से तैयारी करें।
न सर्वे हुआ, न मुआवजा मिला -
श्री सिंह ने कहा कि सोयाबीन में हुए नुकसान का अब तक मुआवजा नहीं मिला है। कई गांव तो ऐसे हैं कि जहां सर्वे कार्य ही नहीं हो पाया है। अब एक बार फिर मौसम बिगड़ गया है। हमने विधान सभा में बात उठाई थी अब कलेक्टर से मिलकर बात करूंगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुमेर सिंह, हरिशंकर विजयवर्गीय, अपूर्व भार्गव मौजूद थे।
कहा-कांग्रेस को नई रणनीति बनाना चाहिए, एनएसयूआई की पब्लिसिटी नहीं हुई
प्रेस कांफ्रेंस