- Hindi News
- दो सौ साल पुराने मंदिर में उमड़ रहा सैलाब
दो सौ साल पुराने मंदिर में उमड़ रहा सैलाब
निज संवाददाता - नसरुल्लागंज
क्षेत्र के धार्मिक स्थल बंजारी वाले बाबा गोपालपुर गांव में इस समय आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। खास बात यह है कि यहां मंदिर में हनुमान जी की दो प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
करीब दो सौ साल पुराने इस मंदिर में श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। ग्रामीणों का मानना है कि सच्ची भक्ति के साथ मांगी गई कोई भी इच्छा हनुमान जी जरूर पूरी करते हैं। बताया जाता है कि इस मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की स्थापना बंजारा समुदाय द्वारा करीब दो सौ साल पहले की गई थी।
मूर्ति में छिपे कई रहस्य
गोपालपुर का हनुमान मंदिर लगभग दो सौ साल पुराना बताया जाता है। तभी से यहां हनुमान जी की भक्ति, आराधना का क्रम बंजारो के जमाने से किया जा रहा है। पिछले १२ साल से यहां आराधना कर रहे पॅ. नारायण दास वैष्णव ने बताया कि उनका परिवार तीन पीढ़ी से मंदिर में भगवान की सेवा कर रहा है। मंदिर खंडहर होने पर सन १९८४ में जब इस मंदिर में यज्ञ महोत्सव व नवीन मंदिर निर्माण करना चाहा तो इसके लिए महात्माओं से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हेतु अनुमति मांगी गई। इसी साल राला गांव के महंत शंकरदास बाबा ने ग्रामीणों से कहा कि मूर्ति हटाकर मंदिर निर्माण कर लिया जाए। ग्रामीणों ने जब मूर्ति का स्थान परिवर्तित करना चाहा तो वह नहीं हो सका। मूर्ति इतनी भारी हो चुकी थी कि इसे वहां से हटाने के लिए वाहन में रस्सी बांधकर हटाने का प्रयास किया गया, जिससे मूर्ति खंडित हो गई।
रात में दिया था सपना
गोपालपुर के केशवदास, प्रेमकुमार, जगदीश प्रसाद आदि ने बताया कि सन १८८४ में मौजूद मंदिर के महंत बद्रीदास बैरागी को हनुमान जी ने रात में सपना दिया था। स्वप्न में कहा गया कि मेरी मूर्ति खंडित नहीं हुई है, तुम मेरी पूजा अर्चना करो। चाहो तो मेरी ही एक और छोटी मूर्ति की स्थापना कर सकते हो। पुरानी मूर्ति के समीप ही एक और हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी गई। हनुमान मंदिर में विगत ३० सालों से चैत्र की गुड़ी पड़वा से ८ दिन तक यज्ञ कार्यक्रम संचालित रहता है। इस दौरान गांव के सभी दुकानदार मेले में अपनी दुकानें लगाते हैं। यदि कोई व्यापारी दुकान खोलता है तो समिति द्वारा उस पर जुर्माना कर दिया जाता है।
नसरुल्लागंज. गोपालपुर स्थित बंजारी वाले बाबा हनुमान मंदिर में प्रतिदिन पहुंचते हैं श्रद्धालु।
गोपालपुर में हनुमान जी की प्रतिमा बंजारा समुदाय के लोगों ने स्थापित की थी