पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 80 करोड़ से बुझेगी 72 गांवों की प्यास

80 करोड़ से बुझेगी 72 गांवों की प्यास

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बलजीत सिंह ठाकुर - सीहोर
बुदनी विकासखंड के 72 गांवों और दो नगरीय क्षेत्रों में पानी प्रदाय करने के लिए बनेटा समूह नलजल योजना का काम जल्दी ही शुरू होने वाला है। टेंडर स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। हरी झंडी मिलने के बाद योजना का काम शुरू हो जाएगा। नर्मदा नदी से इन गांवों के लिए पानी सप्लाई किया जाएगा।
ग्रामीणों को प्रतिदिन शुद्घ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बनेटा समूह नलजल योजना तैयार की गई है। यह योजना मई 2012 में बनाई गई थी। इसके बाद इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद योजना के लिए टैंडर बुलाए गए थे। जब यह योजना बनाई गई थी तो इसकी लागत 75 करोड़ 41 लाख रखी गई थी लेकिन टेंडर जब आए तो इसकी लागत बढ़ गई। महंगाई का असर इन टेंडरों में भी साफ देखने को मिला। टेंडर के जो रेट आए उसके अनुसार इस योजना की लागत 80 करोड़ 24 लाख हो गई। क्योंकि 19 माह का समय हो जाने के कारण योजना की लागत बढ़ गई थी। इसलिए अब बढ़ी हुई दरों की स्वीकृति के लिए इस प्लान को शासन के पास भेज दिया गया है। यहां से हरी झंडी मिलने के बाद इस योजना का काम शुरू हो जाएगा।
30 माह में काम होगा पूरा
इस योजना का काम जब शुरू होगा तो संबंधित निर्माण एजेंसी को 30 माह का समय मिलेगा। इस अवधि में उसे काम पूरा करना है।
शाहगंज-बुदनी को भी फायदा
इस योजना का लाभ शाहगंज और बुदनी नगर को भी मिलेगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने इस योजना में इन दोनों नगरीय क्षेत्रों को भी शामिल किया है। यदि इन दोनों नगरीय क्षेत्रों को यहां से पानी लेने की आवश्यकता पड़ती है तो इसका योजना में प्रावधान है।
दस साल एजेंसी देखेगी काम
इस योजना के पूरा होने के बाद जब पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी तो उसकेबाद दस सालों तक संबंधित निर्माण एजेंसी को ही काम देखना होगा। रख-रखाव का जिम्मा उसी का होगा।



मंजूरी के लिए भेजा है

॥ महंगाई के कारण टेंडर में 6 प्रतिशत अधिक रेट आए हैं। निर्धारित लागत दर 19 माह पहले की थी। नई दरों को स्वीकृत कराने के लिए प्रस्ताव शासन के पास गया है। मंजूरी के बाद काम शुरू कराया जाएगा।

एमसी अहिरवार, ईई, पीएचई

6 प्रतिशत ज्यादा आए रेट

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने गांवों में पानी सप्लाई करने की यह योजना मई 2012 में बनाई थी। उस समय इस योजना को पूरा करने की जो लागत तय की गई थी वह 75 करोड़ 41 लाख रुपए रखी गई थी। इसके बाद टैंडर में जो रेट आए वह इस लागत से 6 प्रतिशत अधिकहैं। निर्माण एजेंसी ने इस लागत के बढऩे का कारण महंगाई को बताया है। उल्लेखनीय है कि सीमेंट, सरिया सहित मजदूरी की दरें भी बढ़ गई हैं। 19 माह में यह महंगाई 17 प्रतिशत बढ़ी है। इस कारण से योजना की लागत पर भी इसका फर्क पड़ा है।

बिछाई जाएगी सप्लाई लाइन

बुदनी विकासखंड के 72 गांवों में पानी की सप्लाई लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही पानी का स्टोरेज करने के लिए 16 टंकियों का निर्माण भी किया जाएगा। यह पानी की टंकियां अलग-अलग क्षेत्रों में बनाई जाएंगी जिनसे गांवों की सप्लाई लाइन को जोड़ा जाएगा।

गांव में बनेगा फिल्टर प्लांट

नर्मदा नदी से पानी सप्लाई करने के लिए इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बनेटा गांव में बनाया जाएगा। यहां पर पानी को शुद्घ करने के बाद इसे क्षेत्र में बनाई जाने वाली पानी की टंकियों में भेजा जाएगा। इसके बाद वहां से पानी की सप्लाई होगी।



टेंडर राशि अधिक आने से स्वीकृति के लिए शासन के पास भेजा गया प्रस्ताव

अच्छी खबर