- Hindi News
- विदेशी पर्यटकों को प्रदेश में मिलेगी विशेष सुरक्षा
विदेशी पर्यटकों को प्रदेश में मिलेगी विशेष सुरक्षा
विवेक दोहरे - सीहोर
अब प्रदेश में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के लिए तैयारी की जा रही है। जल्द ही प्रदेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन की जाएगी। जहां भी ये पर्यटक पहुंचेंगे वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए मप्र प्रर्यटन विकास निगम ने तैयारी भी शुरू कर दी है।
पिछले दिनों दिल्ली के डेनमार्क में विदेशी महिला पर्यटक के साथ गैंगरेप जैसा मामला सामने आने के बाद मप्र पर्यटन विकास निगम इस तरह की घटनाएं प्रदेश में न हों इसके लिए रणनीति बना रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री सुरेंद्र पटवा ने भी इस संबंध में ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इससे आने वाले समय में अब विदेशी पर्यटकों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व अनैतिक व्यवहार नहीं हो सकेगा। इससे विदेशी पर्यटक सुरक्षित रहेंगे।
ऐसे रखी जाएगी नजर
सूत्रों के अनुसार जब विदेशी पर्यटक प्रदेश में आएंगे तो उनकी जानकारी सीधे सर्वर पर ऑनलाइन देखी जा सकेगी। ऐसे में जिस भी पर्यटन स्थल पर वे पहुंचेंगे वहां उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही टूरिस्ट प्लेस पर व्यवस्था को सुचारू और सुदृढ़ बनाने के लिए औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। ताकि यहां पर्यटकों के लिए सुविधा व सुरक्षा की वास्तविकता परखी जा सके।
प्लान तैयार किया है
॥ विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। विदेशी पर्यटकों की जानकारी ऑनलाइन सर्वर पर दिखने से उनकी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा सकेंगे।
सुरेंद्र पटवा, राज्य मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति