पार्षदों ने उठाया गुणवत्ता पर सवाल
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
मुख्यमंत्री अधोसरंचना के तहत शहर में नगर पालिका द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्र्यों की गुणवत्ता पर नपा पार्षदों ने ही सवाल उठा दिए हैं। पार्षदों का आरोप है कि जो निर्माण कार्य हो रहे हैं उनमें गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कोई भी निर्माण स्टीमेट के आधार पर नहीं हो रहा है। पार्षदों ने इन निर्माण कार्र्यों की गुणवत्ता जांच कराने की मांग कलेक्टर से की है।
बुधवार को नगर पालिका के करीब एक दर्जन पार्षद और एल्डरमेन कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर कवींद कियावत से शहर में चल रहे निर्माण कार्र्यों में लापरवाही बरतने की शिकायत की। कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए पार्षदों ने बताया कि ठेकेदार मनमर्जी से निर्माण कर रहे हैं, न तो निर्माण कार्य के पास कोई उपयंत्री मिलता है और न ही कोई टाइमकीपर। यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत शहर में बिछाई गई पाइप लाइन में भी स्टीमेट के अनुसार काम नहीं किया गया है। जहां पाइप लाइन बिछाई जा रही है वहां रोड कटिंग के नाम पर भुगतान तो किया जा रहा है, लेकिन रोड की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। पार्षदों ने पाइप लाइन की गुणवत्ता की जांच भी लेब में कराने की मांग उठाई है। पार्षदों ने यह भी कहा कि निर्माण कार्र्यों की समय अवधि बीत गई है, लेकिन ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए बार-बार समय अवधि बढ़ाई जा रही है। इसकी भी जांच की जाना चाहिए। नगरीय प्रशासन विभाग, आयुक्त और अन्य अधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई है।
कलेक्टर को ज्ञापन देते समय नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप गौतम, भाजपा के जिला महामंत्री पं. रमाकांत समाधिया, पार्षद महेंद्र वर्मा, दिनेश कटारिया, कैलाश सिनोरिया, मनीष बेदी, मनोहर मास्टर, देवेंद्र अहिरवार, रामचंद्र पटेल, वैजंति कमलेश राठौर, नेमकुंअर माखन परमार, हेमा सुदीप व्यास, गोपीबाई खुशालसिंह, रागिनी पूनम कुशवाह, एल्डरमेन अशोक सिसौदिया, मोहसीन बेग आदि उपस्थित थे।
ञ्च कलेक्टर को ज्ञापन देकर गुणवत्ता जांचने की उठाई मांग
सीहोर. कलेक्टर का ज्ञापन देते नपा पार्षद।