प्रदर्शन कर लगाया जाम
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत व्यापारियों द्वारा सिर्फ मानक स्तर की उपज को ही खरीदा जा रहा है। इससे नाराज किसानों ने बुधवार सुबह जयस्तंभ चौक पर अपनी टै्रक्टर ट्रालियों को रखकर करीब तीन घंटे तक शहर के मुख्य मार्गों को बंद कर दिया। इस कारण आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
किसानों का कहना था कि प्रति वर्ष उपज कीट -पतंगों या प्राकृतिक आपदा से नष्ट हो रही है। कितनी भी देखरेख करें फसल को प्राकृतिक आपदाओं से नहीं बचाया जा सकता। ऐसी स्थिति में यदि उनकी फसल को खरीदा नहीं जाएगा तो आर्थिक स्थिति बिगड़ जाएगी। किसान सुबह 11 से दोपहर डेढ़ बजे तक जय स्तंभ चौक पर धरना देकर बैठे रहे। मौके पर पहुंचे तहसीलदार उपेन्द्र चौहान और नायब तहसीलदार इसरार खां ने किसानों से चर्चा कर कहा कि इस मुद्दे पर वह कृषि मंडी प्रबंधन और अधिकारियों से चर्चा करेंगे। आपकी समस्या को शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जाएगा। तब कहीं जाकर किसानों ने चौराहे से अपने वाहन हटाए।
दो बार लगाया जाम
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विरूद्ध किसानों ने जय स्तंभ चौक पर दूसरी बार जाम लगाकर प्रदर्शन किया। २० जनवरी को अपनी उपज लेकर आए किसानों की जब उपज नहीं खरीदी गई तो उन्होंने जय स्तंभ चौक पर चार घंटे तक अपने वाहन रखकर जाम लगा दिया था। बुधवार को भी किसानों ने अपने वाहन रखकर जय स्तंभ चौक पर जाम लगा दिया। इस कारण दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पिछले तीन दिनों से लगातार लग रहे जाम से नागरिक काफी परेशान हैं।
बैठक में लिया निर्णय
कृषि उपज मंडी विश्रामगृह में व्यापारियों और किसानों के बीच मानक खाद्य अधिनियम के विरूद्ध व्याप्त असंतोष को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के प्रभावशील होने के कारण व्यापारियों द्वारा मानक स्तर का ही खाद्यान्न क्रय करने के विरूद्ध किसानों में असंतोष हैं। यदि व्यापारी अधिनियम के विरूद्ध उपज क्रय करते हैं तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। बैठक में निर्णय लिया गया कि २३ जनवरी को किसान और व्यापारी एकत्रित होकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। कृषि मंडी अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह रघवुंशी, कमल सिंह रघुवंशी, हरीश खंडेलवाल, पंकज जैन, प्रदीप साहू, शैलेन्द्र रघुवंशी, अमरसिंह कुशवाह सहित कई किसान बैठक में मौजूद थे।
अमानक अनाज खरीदी न होने पर फिर सड़कों पर उतरे किसान
गंजबासौदा। व्यापारियों और किसानों के बीच हुई बैठक , २३ को सौंपेगे ज्ञापन।
गंजबासौदा। जय स्तंभ चौक पर वाहन रखकर किया चक्का जाम।