पत्नी के वियोग में पिया कीटनाशक
निज संवाददाता - बेगमगंज
मायके गई पत्नी जब एक सप्ताह बाद भी वापस नहीं आई तो पति ने कीटनाशक पी लिया। उसे गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनोज कुशवाह पुत्र भवानी प्रसाद 20 वर्ष ग्राम ध्वाज का विवाह सागर जिले के ग्राम जैसीनगर निवासी रजनी से हुआ था। अपने पिता की मौत पर रजनी मकर संक्रांति पर अपने मायके जैसीनगर चली गई।
एक सप्ताह तक वापस नहीं आने पर पति मनोज ने बार-बार फोन कर आने के लिए कहा। इसके बाद भी जब वह नहीं आई तो उसने आत्महत्या की नीयत से कीटनाशक पी लिया। मनोज को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना तत्काल उसकी पत्नी को भी दी गई। खबर लिखे जाने तक वह नहीं आ सकी थी। अस्पताल में मनोज कुशवाह की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने राजा भाई कुशवाह निवासी सागोनी की सूचना पर मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।