मलखंभ, मार्शल आर्ट होगा मुख्य आकर्षण
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह में आमजन के मनोरंजन के लिए हैरत अंगेज करतब, मलखंभ, मार्शल आर्ट तथा ऐरो माडलिंग शो का भी प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर जेके जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में श्री जैन ने समारोह के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि समारोह को गरिमा एवं भव्यता प्रदान करने के लिए सभी तैयारियों तथा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों की पर्याप्त रिहर्सल कर ली जाए। बैठक में समारोह के आयोजन में विभिन्न विभागों की भूमिका और उन्हें सौपें गए दायित्व के अनुरूप अभी तक किए गए कामों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री जैन ने इस समरोह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसा बंदियों एवं कारगिल शहीदों का सम्मान, पुरस्कार आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक में अपर कलेक्टर राधेश्याम अगस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश वैश्य सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण : कलेक्टर श्री जैन ने आयोजन स्थल खेल स्टेडियम में चल रही गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। श्री जैन ने गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाली परेड का भी अवलोकन किया। श्री जैन ने अधिकारियों से कहा कि पूरे समारोह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करें, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुव्यस्थित ढंग से हो।
श्री जैन ने बताया कि अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों के साथ-साथ आमजन भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल हो सकें, इसके लिए गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में आयोजत किया जा रहा है। स्टेडियम में समारोह आयोजित होने से पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने से दर्शक सुविधाजनक ढंग से कार्यक्रमों का आनंद उठा सकेंगे।
भारत पर्व का आयोजन : गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय रायसेन स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 26 जनवरी शाम सात बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लोक कलाकार सावित्री तिवारी बुन्देलखण्ड कला संस्थान एवं श्री फूलसिंह मांडरे भोपाल द्वारा अपना मध्यप्रदेश एवं देश भक्ति पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
रायसेन। गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश