पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अब तक क्यों नहीं बनी कृषि उपज उपमंडी ?

अब तक क्यों नहीं बनी कृषि उपज उपमंडी ?

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जबलपुर
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के कृषि विभाग व अन्य को नोटिस जारी किए हैं। जस्टिस केके लाहोटी व जस्टिस रोहित आर्या की युगलपीठ ने पूछा है कि मुख्यमंत्री ने रायसेन जिले में जिस कृषि उपज उपमंडी की घोषणा 8 साल पहले की थी, वह अभी तक पूरी क्यों नहीं हुई ? जवाब पेश करने युगलपीठ ने तीन सप्ताह का समय अनावेदकों को दिया है।
यह याचिका रायसेन जिले के गोविन्द सिंह ठाकुर की ओर से दायर की गई है। आवेदक का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वर्ष 2006 में घोषणा की थी कि रायसेन बाड़ी में कृषि उपज मंडी खोली जाएगी, ताकि उसका फायदा किसानों को मिल सके। इस घोषणा के बाद वर्ष 2009 में 10 एकड़ जमीन का अधिग्रहण हुआ और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं।
इसी तरह कृषि उपज उपमंडी के लिए राशि का आवंटन भी हो गया। याचिका में आरोप है कि तमाम कार्रवाई होने के बाद भी अभी तक कृषि उपज उपमंडी नहीं बन सकी, जिसके कारण वहां के किसानों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में सक्षम अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर यह याचिका दायर की गई।
याचिका में राज्य सरकार के कृषि विभाग के प्रमुख सचिव, रायसेन के कलेक्टर और मंडी बोर्ड के आयुक्त को पक्षकार बनाया गया है। मामले पर हुई प्रारंभिक सुनवाई के बाद युगलपीठ ने याचिका में बनाए गए अनावेदकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आवेदक की ओर से अधिवक्ता पराग परिमल चतुर्वेदी पैरवी कर रहे हैं।