शहर की समस्याओं को लेकर सांकेतिक धरना
कार्यालय संवाददाता - नरसिंहगढ़
स्वयंसेवी संगठन जनजागरण मंच ने गुरुवार को सुभाष जयंती के मौके पर शहर की समस्याओं को सुलझाने की मांग को लेकर एक दिन का सांकेतिक धरना दिया। धरने की शुरुआत नेताजी सुभाषचंद्र बोस की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर की गई। मंच के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि चौक में नेताजी की प्रतिमा स्थापित करने की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा करके ही दम लिया जाएगा। उन्होंने नगरपालिका पर प्रतिमा स्थापना में दिलचस्पी नहीं लेने का आरोप लगाया और नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय योगदान दें। मंच के सदस्यों ने यह भी कहा कि शहर से रेलवे लाइन निकालने, छोटा महादेव परिसर में महिला स्नानगृह बनाने, यातायात इंतजामों को सुधारने आदि मुद््दों पर जल्दी काम करने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाएंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में गोपाल वर्मा, मनोहर सिंह परिहार, अमर सिंह बीकावत, डॉ ओपी साहू, जिप्पी वर्मा, सतीश बिहानी, नरेंद्र सक्सेना लाला, मदनलाल मंडवाल, उमाकांत शुक्ला, घनश्याम चंपी, लखन ठाकुर आदि सहित कई सदस्यों ने हिस्सा लिया।
नेताजी के बलिदान को याद किया
नरसिंहगढ़. शासकीय श्री विक्रम उत्कृष्ट विद्यालय में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई गई। इस मौके पर प्राचार्य चित्रा व्यास और शिक्षक दिलीप वंशीवाल ने विद्यार्थियों को नेताजी के देश की आजादी में दिए गए योगदान के बारे में बताया। इस दौरान स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे।