लोकायुक्त जांच के बाद दो पर केस दर्ज
कार्यालय संवाददाता - गुना
गरीबी हटाओ योजना के तहत 2002 में चांचौड़ा ब्लॉक में हुए घोटाले में अदालत ने दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन अधिकारियों को कूट रचना व धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्रथम दृष्टया दोषी पाया
गया है।
इस मामले के शिकायतकर्ता जनवेद सिंह यादव के वकील शैलेंद्र सिंह और दीपक भार्गव ने बताया कि योजना के तत्कालीन कॉर्डिनेटर अशोक शर्मा ((जो वर्तमान में विजयपुर जनपद के सीईओ भी हैं)) और गुना जनपद के निलंबित ((फिलहाल जिला पंचायत जबलपुर में अटैच)) सीईओ मुकेश जैन के खिलाफ विशेष न्यायाधीश आरपी मनकेलिया ने मामला दर्ज किया। लोकायुक्त जांच में इन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। आरोपियों को 17 फरवरी को पेश होने का समन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व विधायक शिवनारायण मीणा, पीडब्लूडी के ईई आरके अहिरवार सहित डेढ़ लोगों पर आरोप लगाए गए थे। शिकायतकर्ता ने कहा कि इनके खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।