मौसम खुलते ही 5 डिग्री उछला दिन का पारा
तीन दिन बाद हुए सूरज के दर्शन
कार्यालय संवाददाता - गुना
लगभग तीन दिन के अंतराल के बाद गुरुवार को पहली बार सूरज के दर्शन हुए। बारिश न होने और मौसम खुलने से दिन के तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले पांच डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम कार्यालय के अनुसार तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 14 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि सुबह मौसम खुलने की संभावना नहीं दिखाई दे रही थी। आसमान में घने बादल छाए हुए थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, काले बादलों के बीच से नीला आसमान झांकने लगा। 16 जनवरी से लगातार मौसम खराब बना हुआ है। पहले लगातार कोहरे की वजह से दिनभर धूप गायब रही। बाद में बादलों ने डेरा जमा लिया। बुधवार को दिनभर बारिश होती रही। मौसम की इस रंगत ने पूरा जनजीवन अस्तव्यस्त कर रखा था।
गुना - दोपहर 2 बजे के आसपास हल्की सी धूप ने लोगों को राहत दी।