अब शहर में ‘आप’ ने भरी हुंकार
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
निकलो बाहर मकानों से, जंग लड़ो बेईमानों से। आज का नेता कैसा हो, आम आदमी जैसा हो। इस तरह के नारे गुरुवार को शहर की सड़कों पर गूंजे। मौका था आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की रैली का। प्रदेश में बढ़ रहे भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार को शहर में भी ‘आप’ ने रैली निकाली।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को आम आदमी पार्टी ने स्वराज संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान गुरुवार दोपहर के समय भोपाल नाका स्थित जिला कार्यालय से रैली शुरू हुई जो शहर के प्रमुख मार्र्गों से होते हुए कोतवाली चौराहा, पाना चौराहा होते हुए बड़ा बाजार पहुंची। रैली में कार्यकर्ता और पदाधिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नारे लगाते हुए भ्रष्टाचार मिटाने संबंधी नारे लगा रहे थे। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ा बाजार में रैली आमसभा के रूप में परिवर्तित हो गई। यहां प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी भ्रष्टाचार पर जमकर गरजे।
प्रदेश प्रवक्ता प्रहलाद पांडे और प्रदेश सचिव अक्षय हुंका ने प्रदेश में हुए व्यापम घोटाले के बारे में प्रदेश सरकार को घेरा। प्रदेश सरकार की असफलताएं बताते हुए जमीन अधिग्रहण मामले पर भी इन्होंने अपना विरोध जताया। इंदौर से आए इंदर विक्रम सिंह, खंडवा के पियूष बंसाली, रायसेन के विक्रांत राय, ओमप्रकाश शर्मा इंदौर और कालापीपल के जदगीश परमार ने भी अपनी बात कही। आमसभा का संचालन अरविंद गुप्ता ने किया तथा आभार जिला संयोजक हृदेश राठौर ने माना।
सीहोर. मेन रोड से इस तरह रैली की शक्ल में निकले कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली
संकल्प दिवस