निर्देशों को दरकिनार किया
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
रेलवे स्टेशन पर फैली अव्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे के चीफ प्लानिंग एंड डिजाइनिंग इंजीनियर ओपी तंवर द्वारा दिए गए निर्देशोंं पर अमल नहीं हो रहा है।
श्री तंवर करीब आधा दर्जन बार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चुके हैं। वे हर बार दिशा निर्देश देकर चले जाते हैं लेकिन उनके दिशा निर्देशों पर कोई अमल नहीं करता। गुरुवार को भी श्री तंवर ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और पहले जो दिए थे उन्हीं निर्देशों को दोहरा कर चले गए। उन्होंने यह भी नहीं देखा कि पहले निरीक्षण में जो दिशा निर्देश दिए थे उन पर अमल हुआ या नहीं। रेलवे परिसर में अव्यवस्थित वाहन पार्किंग को व्यवस्थित करने व मुख्य द्वार के समीप फैली गंदगी को साफ कराने के निर्देश दिए थे। न तो वाहन व्यवस्थित हुए और न ही साफ सफाई कराई गई लेकिन दोबारा निर्देश जरूर दिए गए । निरीक्षण के दौरान वाहन स्टैंड के स्थान को परिवर्तित करने की बात कही।
साथ ही परिसर में किए जा रहे सीसी निर्माण कार्य की जांच कर विशेष दिशा निर्देश दिए गए । रेलवे स्टेशन पर आटो चालकों और रिक्शा चालकों के कारण यात्रियों को प्लेटफार्म तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है ।