फ्रांस से आए दल ने देखी प्राचीन कलाकृति
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
फ्रांस से आए १३ सदस्यीय दल ने गुरुवार दोपहर उदयपुर स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए। वहां की कलाकृति और हस्तशिल्प कला की जमकर तारीफ की । यह दल करीब दो घंटे तक मंदिर परिसर में उकेरी गई कलाकृति को बारीकी से निहारता रहा। साथ ही मंदिर में विराजमान महादेव शिवशंकर की पूजा अर्चना भी की।
दल के साथ आए डा. सोफी जॉनसन ने बताया कि वह पहली बार पत्थर पर की गई कलाकारी को देख रहीं हैं। दल के अन्य सदस्यों ने बताया कि वे ३० दिवसीय मध्यप्रदेश भ्रमण पर हैं। वे मध्यप्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर जाएंगे। उदयपुर के बाद उनका दल सागर के लिए रवाना हो गया।
दल के आदिल कुर्तो, हैलन ने बताया कि मार्ग की हालत काफी खराब थी इस कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन जैसे ही मंदिर को देखा पूरी थकान मिट गई। मंदिर की खूबसूरती देखने लायक है। जाते -जाते दल के सदस्यों ने कहा की यदि कस्बे में पर्यटन सुविधाएं बढ़ा दी जाएं तो वे दोबारा उदयपुर आना पसंद करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने आसपास क्षेत्र की भी जानकारी ली।
विदेशी पर्यटकों ने उदयपुर के नीलकंठेश्वर मंदिर पर उकेरी गई कला को अद्भुत बताया
गंजबासौदा। फ्रांस से आए १३ सदस्यों के दल ने नीलकंठेश्वर मंदिर का दर्शन किया।