पिता को बेघर करने वाले पुत्रों को नोटिस
निज संवाददाता - बेगमगंज
चालीस एकड़ भूमि के मालिक को उसके दो पुत्रों ने घर से बाहर निकाल दिया। अपनी व्यथा लेकर एसडीएम के पास पहुंचे पिता की फरियाद सुनने के बाद एसडीएम ने दोनों पुत्रों के खिलाफ भरण पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए हैं।
मामला ग्राम कोहनिया निवासी 85 वर्षीय वृद्ध हल्कई गुर्जर निवासी ईश्वरनगर का है। उसके दो पुत्र शिक्षक मनमोहनसिंह गुर्जर एवं कृषक मोहरसिंह गुर्जर ने उसकी 40 एकड़ कृषि भूमि, मकान धोखे से अपने नाम कराकर उसे गत तीन माह पूर्व घर से निकाल दिया। इससे वृद्ध निराश्रित हो गया। उसके अनुसार उसके पास कपड़े भी नहीं हैं। शरीर पर मात्र एक जोड़ी कपड़े हैं और कुछ भी नहीं है। बीमारी के कारण कमजोर होने के कारण चलना कठिन हो रहा है। उसने भास्कर को बताया कि उसका एक पोता डॉक्टर भी है। गुरुवार को वह फरियाद लेकर एसडीएम डीके सिंह के पास पहुंचा। एसडीएम डीके सिंह ने दोनों पुत्रों मनमोहन सिंह गुर्जर एवं मोहर सिंह गुर्जर के खिलाफ मप्र सरकार के माता-पिता भरण पोषण अधिनियम के तहत एक सप्ताह का नोटिस जारी किया है
एसडीएम को सुनाई वृद्ध ने अपनी फरियाद
की जाएगी कार्रवाई
॥ यदि उस वृद्ध के पुत्र उसका भरण पोषण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ माता पिता भरण पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा नगर पालिका को निर्देश दिए कि उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन तत्काल स्वीकृत कराई जाए।
डीके सिंह, एसडीएम
बेगमगंज। हल्कई गुर्जर।