पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे मामला’

‘सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे मामला’

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - रायसेन
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव गुरुवार को मुरैलकला स्थित उस पत्थर खदान पर मजदूरों से मिलने पहुंचे, जिससे वन विभाग ने अपनी भूमि में उत्खनन की जानकारी मिलने के बाद बंद करा दिया है। खदान पर पहुंचे श्री यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि यह पत्थर की खदान लीगल है। इसे राजनीतिक द्वेष भावना के चलते बंद कराया गया है। वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रदेश सरकार को नैतिकता के नाते इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि यदि इस मामले में जल्द कोई फैसला नहीं लिया गया तो प्रदेश कांग्रेस द्वारा मजूदरों के साथ वन मंत्री के बंगल पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खदान मामले को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश प्रमुख सचिव से भी मुलाकात करेगा।
खदान बंद होने से ५० परिवारों को रोजगार छिना
मुरैलकला में हरिजन आदिवासी पत्थर खदान सहकारी समिति के अध्यक्ष कल्याण सिंह के नाम पर पत्थर खदान है। इस खदान को वन विभाग द्वारा वन भूमि पर उत्खनन करने के कारण नोटिस देकर बंद करवा दिया है। पांच दिन पहले वन अमले ने खदान से भारी मात्रा में पत्थर को जब्त करने के बाद उठवा लिया था।
खदान मालिक कल्याण सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा उनका लाखों रुपए का माल उठवा लिया है। खदान बंद होने से यहां पर काम करने वाले करीब ५० मजदूर परिवार बेरोजगार हो गए हैं।




अपनी व्यथा सुनाने करना पड़ा पांच घंटे इंतजार

ग्राम मुरैलकला में मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण यादव को अपनी व्यथा सुनाने के लिए पत्थर खदान मजदूरों को पांच घंटे तक उनके आने का इंतजार करना पड़ा। पांच घंटे देरी से पहुंचे श्री यादव ने खदान मजदूरों को उनका हक दिलाने का पूरा भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तक करने की बात कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री यादव के समक्ष अपनी बात रखने के लिए पत्थर खदान पर काम करने वाले मजदूर अपने बच्चों के साथ दोपहर १२ बजे से खदान पर एकत्रित हो गए थे। उन्हें बताया गया था कि श्री यादव एक बजे तक खदान पर आकर उनकी व्यथा सुनेंगे। लेकिन श्री यादव शाम साढ़े पांच बजे खदान पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने खदान का निरीक्षण किया और खदान के नक्शे देखे। इसके अलावा अन्य सभी कागजातों का भी अवलोकन किया। इस अवसर खदान पर काम करने वाली गायाबाई और रूकमणि बाई ने बताया कि खदान बंद होने से उनके समक्ष भूखों मरने की नौबत आ गई है। खदान पर करीब ५० से अधिक परिवार काम करते है, जिससे उनकी रोजी रोटी चलती है, लेकिन खदान के बंद होने से उनका रोजगार छिन गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री यादव के आगमन की जानकारी मिलते ही ग्राम मुरैलकलां में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुमताज खान, पूर्व विधायक प्रभुराम चौधरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सलमा सिद्धीकी, जिला कांग्रेस कमेठी के महामंत्री नारायण सिंह ठाकुर सहित अन्य कांग्रेसी पहुंच गए थे।

रायसेन। मप्र कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव ने मूरैलकला स्थित खदानों का किया दौरा।

मप्र कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मुरैलकला में सुनी लोगों की समस्याएं