चने की फसल पर फिर बारिश व ओले की मार
कार्यालय संवाददाता - नरसिंहगढ़
पिछले सप्ताह से बिगड़ा मौसम का दौर गुरुवार रात को भी नहीं थमा। इस दौरान ब्लॉक के बरुड़ी, लश्करपुर, लसूड़लिया हाजी, मंगतपुर, नाईहेड़ी सहित करीब 10 गांवों में ओले बरसे। इससे खेतों में बची-खुची गेहूं, चने की फसलें पूरी तरह जमीन में मिल गईं। किसान इन्हें थैलों में भरकर शहर पहुंचे और विधायक गिरीश भंडारी को दिखाया। किसानों ने बताया कि करीब एक घंटे तक ओलों की बरसात होती रही। ओलों की मार से कई घरों की कवेलू की छतें फूट गईं और दर्जनों मवेशी घायल हो गए। विधायक किसानों को लेकर एसडीएम निवास पहुंचे। विधायक ने मांग की कि किसानों की नष्ट हुई फसलों का सर्वे तुरंत करवाया जाए और उन्हें मुआवजा दिलवाया जाए। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि वे पटवारियों को सर्वे के लिए गांवों में पहुंचाएंगी और खुद भी खेतों का मुआयना करेंगी। हताश किसानों का कहना है कि सोयाबीन के बाद अब गेहूं, चना भी बर्बाद हो गया है। अब थोड़ी बहुत आशा मुआवजे पर टिकी है।