सड़क पर पड़ी मिट्टी से परेशानी
कार्यालय संवाददाता - अशोकनगर
बारिश के कारण शहर की सड़कों पर लोगों की मुसीबतें बढ़ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी मंडी रोड पर निर्माण के दौरान निकाली काली मिट्टी से हो रही है। आलम यह है कि अब एक दिन में करीब आधा सैकड़ा से अधिक वाहन चालक फिसल चुके हैं। मंडी रोड पर इस परेशानी के कारण जिन वाहन चालकों को फिसलन का पता है वह दूसरे मार्गों से अपने वाहन निकाल रहे हैं। मंडी रोड निवासी संतोष शर्मा, देवकांत नायक आदि ने बताया कि एफओबी निर्माण के दौरान कई बार ठेकेदार सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान सड़क पर डली काली मिट्टी को हटाने की ओर आकर्षित कराया गया। लेकिन इसके बाद भी ठेकेदार ने काली मिट्टी को नहीं हटाया। अब काली मिट्टी के कारण वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो रहे हैं। शहर में एफओबी निर्माण आफत बना हुआ है। इसके बाद भी आज तक निर्माण में लगे ठेकेदार सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इधर बाजार में भी मुश्किल : कीचड़ की सबसे ज्यादा स्थिति रेलवे फाटक और अस्पताल चौराहे पर है। यहां बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिनमें जब बारिश का पानी भर जाता है तो गड्ढा दिखाई ही नहीं देता और वाहन चालक गाड़ी उसी के ऊपर से निकालने का प्रयास करता है और ऐसे में दुर्घटनाएं भी घटित हो जाती हैं।
रेलवे फाटक के पास गड्ढों में पानी भरने से हो रही परेशानी।
ओम कॉलोनी में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। पिछले दस सालों से कॉलोनीवासियों के द्वारा सड़क निर्माण की मांग नपा से की जाती रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद भी सड़क निर्माण नहीं हुआ।
एफओबी निर्माण में ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है नागरिकों को, फिसलन से बढ़ी परेशानी