चार मामलों में किया अपहरण का केस दर्ज
निज संवाददाता - नसरुल्लागंज
नसरुल्लागंज पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में अब अपहरण के तहत मामले दर्ज किए हैं।
इन मामलों में एक अक्टूबर २०१० को नीमखेड़ी गांव से बल्लू गौंड उम्र १६ वर्ष अपने घर से लापता हो गया था। वह मूक बधिर भी है, जो अपने घर से लापता हो गया था। इसकी सूचना थाने में उसके चाचा धनलाल गौंड द्वारा १५ अक्टूबर को २०१० को दी थी। २७ अप्रैल २०१० को बोरखेड़ा टप्पर निवासी सावित्री बाई पति शंकरलाल दरोई उम्र ३३ वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि वह फरवरी माह में अपनी पुत्री मधु उम्र १५ वर्ष को घर छोड़कर मजदूरी पर गई थी। वहां से लौटने पर पता चला कि बच्ची घर नहीं है। पुलिस द्वारा २७ अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की। ८ अगस्त को क्षेत्र के गांव बाईबोड़ी निवासी रामभरोस पुत्र जगन्नाथ कोरकू उम्र ४५ वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी १३ वर्षीय पुत्री बाजार करने का कहकर घर से गई थी, जो आज तक नहीं लौटी। इसकी सूचना १० अगस्त २०११ को थाने में दी गई थी। इसी प्रकार २७ अप्रैल २०११ को यावरा निवासी ओमप्रकाश ने पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट की थी। चारों ही प्रकरणों में पुलिस ने २३ जनवरी को अपहरण का मामला दर्ज किया है।