लोकतंत्र को सशक्त बनाने जागरूकता जरूरी
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदान करने का अधिकार 25 जनवरी को दिया जाएगा। नेशनल वोटर-डे पर सुबह 11 बजे शासकीय पीजी कॉलेज में समारोह आयोजित कर मतदाता सूची में जुड़े नए लोगों को मतदाता फोटो पहचान पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही आयोजन तहसील, ब्लॉक स्तर पर भी होंगे।
पिछले दिनों नेशनल वोटर डे पर विभिन्न प्रकार की स्पर्धाएं भी हुईं। स्लोगन, निबंध और बाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका विषय पर युवाओं ने चर्चा की। किसी ने मतदाता की भूमिका राष्ट्र की समृद्धि का कारण बताया तो किसी ने मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाताओं को अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरुक बताया।
सीहोर. युवाओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र दिए जाएंगे।
सूचक वोटर कार्ड
॥लोकतंत्र की मजबूती और सफलता बड़ी जनभागीदारी द्वारा ही संभव है। वोटर आइडी हमारी पहचान ही नहीं बल्कि हमारे अधिकार व अस्तित्व का सूचक भी है। जिस देश में लोकतंत्र मजबूत है वहां शासन प्रणाली भी मजबूती की स्थिति में है। लोकतंत्र ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा सही कार्यप्रणाली को चुना जा सकता है।
वल्लभी उपाध्याय, छात्रा पीजी कॉलेज
समाज भटकाव की राह पर
॥ देश में लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है और इसके लिए हर नागरिक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरुक होना पड़ेगा। नागरिकों की लापरवाही से ही समाज भटकाव की राह पर है। जब समाज में स्थिरता नहीं है तो राज्य में स्थिरता कैसे रहेगी। यदि लोकतंत्र सशक्त होगा तभी देश तरक्की कर सकेगा।
प्रवीण सोनी, युवा
खोखली हो रही व्यवस्था
॥ देश में कई अवांछनीय घटनाएं हो रही हैं, बड़े-बड़े घोटाले सामने आ रहे हैं। दुर्घटनाएं-हत्याएं सामने आ रही हैं। इससे स्पष्ट है कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था खोखली होती जा रही है। व्यवस्था सशक्त करने के लिए जनता का जागरुक होना जरूरी है। आज देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब मतदाता उसका महत्व समझेंगे।
भावना ठाकुर, छात्रा पीजी कॉलेज
राष्ट्र बनता है समृद्ध
॥ देश की समृद्धि के लिए नागरिकों द्वारा किया गया योगदान ही मतदान है। मतदान प्रणाली भारत के संविधान में अग्रलिखित वह प्रणाली है जो सुचारू रूप से आम जनता द्वारा उम्मीदवारों का चयन करने की अनुमति देती है। लोकतंत्र में सबकी भागीदारी से राष्ट्र समृद्ध बनता है।
नीलेश तिवारी, युवा
नए पंजीकृत मतदाताओं को आज मिलेंगे फोटो पहचान पत्र, विद्यार्थियों को करेंगे पुरस्कृत
राष्ट्रीय मतदाता दिवस