विभाग ने चेताया अभी और होगी बारिश
कार्यालय संवाददाता - सीहोर
पिछले दो दिनों से रात में तेज बारिश हो रही है। तेज हवाओं के साथ बारिश और कई जगह ओलों के गिरने से भी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अभी और बारिश होगी। कई गांवों में चली आंधी और बारिश, ओलों ने फसलों को बर्बाद कर दिया है।
पिछले दो दिनों से मौसम काफी खराब चल रहा है। इससे पहले कोहरे ने हालत खराब कर दी थी। उस समय इस कदर कोहरा छाया कि सड़कों पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद जब कोहरे का असर कम हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में मौसम फिर से बदला और दो दिनों से रात के समय बारिश हो रही है। बुधवार रात को भी तेज बारिश हुई। साथ ही हवाओं के चलने से फसलें आड़ी हो गई थीं। इसके बाद गुरुवार को भी रात के समय बारिश शुरू हो गई थी।
फसलों को नुकसान
कई जगह फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना जताई गई है। किसानों की बात मानें तो इन गांवों में ओलों से भारी नुकसान हुआ है। बुधवार के बाद गुरुवार को भी कई गांवों में ओले गिरे हैं।
अधिकारियों ने लिया जायजा: बारिश, आंधी और ओलों से प्रभावित हुई फसलों का जायजा लेने के लिए अधिकारी गांवों में जा रहे हैं और मुआयना कर रहे हैं। कई जगह नुकसान अधिक बताया जा रहा है। कई गांवों में नुकसान की हालत यह है कि फसलें काफी प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक नुकसान गेहूं और चना फसल को हुआ है। गेहूं की फसल आड़ी हो गई है। इससे काफी नुकसान हुआ है।
3.5 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिलेभर में 3.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। इस तरह से अभी तक कुल बारिश 20 मिमी हो चुकी हैं। अधिकतम तापमान जहां 20.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि अभी हवाओं की गति अधिक है। अभी बारिश की संभावना बनी हुई है। कई जगह हल्के ओले भी गिर सकते हैं।
श्यामपुर. शुक्रवार को फसलों का जायजा लेते हुए अधिकारी।
इछावर में इस तरह चने में नुकसान हुआ