पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अपराधों के खिलाफ बासौदा बंद

अपराधों के खिलाफ बासौदा बंद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
व्यापार महासंघ और नागरिकों के संयुक्त आव्हान पर शुक्रवार को नगर बंद रहा। बंद का आव्हान क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों के विरोध में किया गया था। बढ़ते अपराधों के कारण व्यापारियों सहित नगर का प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा था। पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकामयाब साबित रही है। पिछले दस दिनों में गोली चलाए जाने की पांच घटनाएं और दो हत्याओं के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। तीन दिन पहले नागरिकों ने दस दिन के दौरान हुई गोली चलाने की घटनाओं सहित ५० वर्षीय राजेन्द्र सिंह रघुवंशी के हत्यारों को दो दिन में गिरफ्तार करने की चेतावनी नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने दी थी। चेतावनी के बावजूद दो दिनों में पुलिस किसी भी मामले के आरोपियों को नहीं पकड़ पाई। जिसकी प्रतिक्रिया स्वरूप बाजार बंद का आयोजन कर सभी सामाजिक, व्यापारिक और नागरिक संगठनों ने अपना रोष व्यक्त किया है।
बंद सफल रहा
आपराधिक वारदातों पर लगाम लगाने और पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में नागरिकों का बंद सफल रहा। सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों सहित स्कूल पूरी तरह बंद रहे। बंद के आव्हान के कारण पूरे शहर में सन्नाटे जैसी स्थिति रही। बंद में नागरिकों ने पूरा सहयोग दिया।




आरोपियों की गिरफ्तारी से कम कुछ मंजूर नहीं

व्यापार महासंघ तथा नागरिकों की संयुक्त बैठक विश्रामगृह में शुक्रवार शाम चार बजे आयोजित की गई। वक्ताओं ने पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी व्यक्त की गई। बैठक में इस मुद्दे पर सहमति व्यक्त की गई कि जब तक पुलिस कालाबाग एसजीएस कालेज के समीप की गई राजेन्द्रसिंह रघवुंशी की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नही करती, उस समय तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस से उठा भरोसा

दो साल से लगातार घट रहे अपराधों और हत्याओं के बाद जांच के दौरान पुलिस की भूमिका निष्क्रियता भरी रही है। इससे नागरिकों में अत्यधिक रोष था। कई बार वारदातों के विरोध में धरना प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन हालात नहीं सुधर पाए। दस दिनों में पांच बार गोली चलने की घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया था। उनका पुलिस पर से विश्वास उठता जा रहा था। इधर पिछले दस दिनों में पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाई।

प्रभारी मंत्री से मिले

तहसील में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए जिले के प्रभारी और राजस्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत से भोपाल सर्किट हाउस में प्रतिनिधि मंडल मिला। प्रतिनिधि मंडल में नरेन्द्रसिंह रघुवंशी, रामचरण कुशवाह, डा. राकेश जादौन, दौलतराम खटीक, तीरथप्रताप सिंह दरबार आदि शामिल थे।



विरोध प्रदर्शन - व्यापार महासंघ सहित नागरिकों ने किया था शहर बंद का आव्हान

ञ्च10 दिनों में पांच बार चलाई गई थी गोलियां

ञ्चपांच गोली कांड में दो लोगों की हो चुकी है हत्या

गंजबासौदा। वाहन रैली निकाल कर व्यापारियों ने कराया बाजार बंद।

गंजबासौदा। लगातार बढ़ रहे अपराधों के विरोध में बाजार पूरी तरह बंद रहा।