- Hindi News
- आधा दर्जन जन शिक्षकों ने इस्तीफे वापस लिए
आधा दर्जन जन शिक्षकों ने इस्तीफे वापस लिए
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
जनशिक्षक और बीआरसी, बीएसी विवाद में नया मोड़ आ गया है। एक दिन पहले जिन जन शिक्षकों ने बीआरसी और बीएसी की कार्यप्रणाली को लेकर सामूहिक इस्तीफे सौपे थे उनमें से आधा दर्जन से अधिक जन शिक्षकों ने पद से इस्तीफे वापस ले लिए हैं। इसके चलते अब वे जन शिक्षक ही मैदान में रह गए हैं जो लंबे समय से बीआरसी और बीएसी पर अपन दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बीआरसी अनिरूद्ध कुमार डिम्हा और बीएसी सुधीर श्रीवास्तव लगातार मध्यान्ह भोजन, नियमित स्कूल संचालन और पढ़ाई की गुणवत्ता पर कार्रवाई कर रहे थे। कई बार औचक निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने संबंधित जन शिक्षकों सहित शिक्षकों को भी नोटिस दिए थे। इसके चलते उनमें हड़कंप की स्थिति बनी हुई थी। वर्तमान में जिले का मैपिंग कार्य चल रहा है। इसमें गंजबासौदा ब्लाक सबसे पीछे है। इसमें जनशिक्षकों की लापरवाही रही है। इसके चलते जिला शिक्षा अधिकारी एसके त्रिपाठी ने लापरवाह शिक्षकों का एक महीने का वेतन जमा न करने के निर्देश दिए हैं। इसके कारण पिछले महीने का वेतन जमा नहीं हुआ । इस मामले में बीआरसी श्री डिम्हा ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग द्वारा मैपिंग कार्य जल्द पूरा करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है लेकिन इस कार्य में जन शिक्षकों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने से ऐसी स्थिति बनी।
गौरतलब है जन शिक्षकों द्वारा अपनी कार्य प्रणाली ठीक नहीं किए जाने से बीआरसी, बीएसी में मनमुटाव की स्थिति बनी। दूसरा कारण यह भी है कि ब्लॉक में बीएसी के पांच पद रिक्त हंै।ं साथ ही एमआरसी ऑपरेटर के पद भी रिक्त पड़े हैं। दबाव सिर्फ एक बीएसी पर बना हुआ है।