शहर से ही निकलेगी रेलवे लाइन
कार्यालय संवाददाता - नरसिंहगढ़
भोपाल-रामगंजमंडी रेलवे लाइन का काम राजगढ़ जिले में 20 फरवरी से शुरू हो जाएगा। इस दौरान रेल मंत्री मल्ल्किार्जुन खरगे ,कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह और सांसद नारायण सिंह आमलावे राजगढ़ के फूलखेड़ी में ट्रैक निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। यह जानकारी विधायक गिरीश भंडारी ने शुक्रवार रात आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे लाइन के लिए भूअधिग्रहण की कार्रवाई भी जल्दी शुरू हो जाएगी। दूसरी ओर इस सूचना से लोगों में खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि सन् 2011 में रेलवे बोर्ड ने इस लाइन को घाटे का सौदा मानकर ठंडे बस्ते में डाल दिया था। इसी दौरान ट्रैक में आंशिक बदलाव कर नरसिंहगढ़ को योजना से हटाने की बात भी सामने आई थी। इससे स्थानीय लोग नाराज हो गए थे। इसके चलते कई विरोध प्रदर्शन भी किए गए थे।
इस दौरान विधायक श्री भंडारी ने ओले, पाले से बर्बाद हुई फसलों के सही तरीके से सर्वे करने और अधिकतम मुआवजे की बात कही। उन्होंने बताया कि इसके लिए दो बार एसडीएम से बात की गई है। वे खुद भी लगातार इलाके के प्रभावित गांवों में दौरे कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी के साथ बैठक करने की बात कही।