नहीं चले वाहन, पैदल पहुंचे स्कूल
कार्यालय संवाददाता - राजगढ़
क्षेत्र में सोमवार सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। जिलेभर के सड़क मार्ग थम गए। तेज ठंड के कारण लोग सुबह दस बजे तक घर से बाहर नहीं निकले। सोमवार को घने कोहरे के साथ कड़ाके ठंड ने भी लोगों को परेशान किया।
रविवार रात आठ बजे से क्षेत्र में कोहरा छाने लगा था। दो घंटे में यह कोहरा इतना घना हो गया कि पांच फीट की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी कारण जयपुर-जबलपुर और आगरा-मुंबई मार्ग के साथ ही राजमार्ग और स्थानीय सड़कों पर यातायात थम गया। सुबह के समय स्कूल वाहनों के नहीं चलते ने बच्चे पैदल ही स्कूलों तक पहुंचे।
सोमवार सुबह दस बजे तक छाए रहे कोहरे के कारण रात में हाईवे किनारे खड़े रहने वाले ट्रक दोपहर बाद चले। सुबह दस बजे तक यात्री बसें भी बंद रहीं। जिसके कारण शहर में ग्रामीण दूध देने भी नहीं पहुंचे।
कंटेनर ने कार में मारी टक्कर: रात दस बजे डॉक्टर गुंजन त्रिपाठी की कार को कंटेनर ने टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में डॉक्टर त्रिपाठी सहित उनकी पत्नी यामिनी त्रिपाठी को भी चोट आई।
यात्री बस पलटी, डेढ़ दर्जन घायल
घेने कोहरे के बीच सुबह खिलचीपुर से राजगढ़ आ रही एक निजी बस देवझिरी गांव के पास पलट गई। इस हादसे में कृष्णा गुप्ता, संगीता गुप्ता, लक्ष्मीनारायण, पायल, सरोज, तंवरसिंह, संतोष गुप्ता, नारायण, दीपक, राकेश सहित सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।