तिरंगे के सम्मान में उत्साह का उत्सव
भास्कर टीम - राजगढ़, जीरापुर, छापीहेड़ा, करनवास, करेड़ी
जिलेभर में गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सभी शासकीय, अद्र्धशासकीय संस्थाओं में ध्वजारोहण व कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं कई जगह मुख्य समारोह आयोजित हुए। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मीसाबंदी, खिलाडिय़ों सहित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को भी पुरस्कृत किया गया।
जिला मुख्यालय के स्टेडियम मे गणतंत्र दिवस समारोह हर साल की तरह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कलेक्टर आनंद शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह में कलेक्टर श्री शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान करने के साथ ही परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोलियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रर्दशनी का अवलोकन किया गया। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष सुमित्रा भिलाला, विधायक अमर सिंह यादव, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
विद्यार्थियों का सम्मान
जीरापुर। मुख्य कार्यक्रम तहसील परिसर में आयोजित किया गया। इसमें जनपद अध्यक्ष भवानी सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। नप अध्यक्ष दिनेश पुरोहित ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने नाटक, भाषण, सामूहिक, एकल नृत्य, गीत आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए।