रात में आफत, दिन में मिली राहत
सीहोर - पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज सर्दी ने लोगों की हालत खराब कर दी थी लेकिन सोमवार से मौसम में हुए सुधार के बाद अब लोगों को राहत मिली है। इस साल सबसे अधिक ठंडा दिन 25 जनवरी को रहा था।
घना कोहरा और तेज चल रहीं सर्द हवाओं से लोगों की हालत खराब हो गई है। घना कोहरा तो अभी भी परेशान कर रहा है जबकि तेज हवाओं से अब राहत मिलना शुरू हो गई है। सोमवार को हवाओं की गति 8 से 10 की जगह अब 5 से 6 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। यह हवाएं पूर्व की ओर से चल रही हैं। सोमवार को सुबह के समय तो घना कोहरा था लेकिन बाद में तेज धूप निकली। लोगों ने धूप का आनंद लिया। दिन के समय सर्दी से काफी राहत मिली। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के तकीनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि इस साल का सबसे अधिक ठंडा दिन 25 जनवरी को रहा है। इस दिन अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया था।
धीरे-धीरे बदलेगा मौसम
श्री तोमर ने बताया कि अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे परिवर्तन होना शुरू हो जाएगा। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो जाएगी। हालांकि रात में अभी सर्दी रहेगी।